बलौदाबाजार। 10 फरवरी 2026 राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र एन.आई.सी. जिला इकाई द्वारा मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इंटरनेट के सुरक्षित, जिम्मेदार एवं सतर्क उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में कलेक्टर दीपक सोनी, वनमंडलाधिकारी डी.एफ.ओ. गणवीर धम्मशील, सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर दीपक सोनी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में इंटरनेट हमारी कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बन चुका है, ऐसे में इसके सुरक्षित उपयोग को लेकर सजग रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों–कर्मचारियों से न केवल स्वयं सुरक्षित इंटरनेट उपयोग अपनाने, बल्कि इसके प्रति अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक (आई.टी.) सत्यनारायण प्रधान द्वारा प्रजेंटेशन के माध्यम से इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, उससे जुड़े संभावित साइबर खतरे, सावधानियाँ एवं बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि अनजान लिंक, फर्जी ई-मेल, सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी तथा साइबर ठगी आज के समय की बड़ी चुनौतियाँ हैं, जिनसे सतर्क रहकर ही बचाव संभव है।
कार्यशाला में विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) के बढ़ते प्रभाव पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि ए.आई. जहां शिक्षा, प्रशासन एवं कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रहा है, वहीं इसके माध्यम से डीपफेक वीडियो, फर्जी कंटेंट एवं डेटा प्राइवेसी से जुड़े खतरे भी तेजी से बढ़ रहे हैं। इस संदर्भ में सलाह दी गई कि किसी भी ए.आई. टूल का उपयोग करते समय अपनी व्यक्तिगत, गोपनीय एवं संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचें।
वित्तीय सुरक्षा पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि इंटरनेट बैंकिंग अथवा ऑनलाइन भुगतान करते समय केवल बैंक की आधिकारिक वेबसाइट एवं सुरक्षित नेटवर्क का ही उपयोग करें। सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क से वित्तीय लेन-देन करने से बचें तथा अपने पासवर्ड और पिन को नियमित अंतराल पर बदलते रहें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ए.आई. के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग की शपथ दिलाई गई। साथ ही सेफर इंटरनेट डे 2026 के अवसर पर वेबसाइट www.staysafeonline.in पर उपलब्ध जागरूकता वीडियो का प्रस्तुतीकरण भी किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं सुरक्षित इंटरनेट उपयोग का संदेश प्रभावी रूप से दिया गया।