जांजगीर-चांपा में विकास कार्यों की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने दिए गुणवत्ता और समय-सीमा के सख्त निर्देश

SARJU SAHU

August 20, 2026

जांजगीर-चांपा। 20 अगस्त 2026 जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने गुरुवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में चल रही शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और निर्माणाधीन बड़ी परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

बैठक में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम लोगों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

उन्होंने भ्रष्टाचार और लापरवाही के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसी शिकायतें सामने नहीं आनी चाहिए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार अथवा लापरवाही की शिकायत मिलती है तो जांच के बाद नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिले की बड़ी निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जिले की प्राथमिकता वाले आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।

बारिश के दौरान बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बिजली व्यवस्था सुचारू रखने और तकनीकी खराबी या अन्य कारणों से आपूर्ति बाधित होने पर उसका जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में बिजली कटौती से आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए विभाग को सक्रिय और तत्पर रहना होगा।

प्रभारी मंत्री ने जिले की सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने बारिश के कारण सड़कों पर बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आवश्यक मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूरा करें।

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान ओपी चौधरी ने कहा कि राजस्व विभाग के कार्य सीधे आम नागरिकों और ग्रामीणों से जुड़े होते हैं। इसलिए राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए। विकास एवं निर्माण कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से आमंत्रित करने की बात भी कही।

बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने हितग्राहियों के घरों में गुणवत्तापूर्ण सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इसका लाभ दिलाने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र हितग्राहियों को किस्त जारी करने में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। योजना के क्रियान्वयन के दौरान हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानी से बचाने पर भी जोर दिया गया।

महतारी वंदन योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने शेष हितग्राहियों का अभियान चलाकर ई-केवाईसी पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिले, इसके लिए मैदानी स्तर पर सक्रियता से काम किया जाए।

उन्होंने वीबी-जी राम जी के तहत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों के मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। 

उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में फल एवं सब्जियों के उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली गई। प्रभारी मंत्री ने किसानों को उद्यानिकी फसलों के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

कृषि विभाग की समीक्षा में खाद एवं बीज की उपलब्धता और भंडारण की जानकारी ली गई। उन्होंने किसानों के बीच नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के मामलों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में ई-ऑफिस और ई-अटेंडेंस व्यवस्था की प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने दोनों व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक फायदा आम नागरिकों तक पहुंचे। उन्होंने गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा शासन की योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment