नेता प्रतिपक्ष के रूप में राहुल गांधी के दो वर्ष पूरे-बिनोद भारद्वाज

SARJU PRASAD SAHU

June 26, 2026

सारंगढ़। जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता बिनोद भारद्वाज ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में राहुल गांधी के दो वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें सफल एवं जनहितैषी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने इस अवधि में जनता की आवाज़ को मजबूती के साथ संसद तक पहुंचाने का कार्य किया है।

बिनोद भारद्वाज ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का दायित्व केवल सरकार की आलोचना करना नहीं, बल्कि जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन में उठाना भी होता है। राहुल गांधी ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल में इस संवैधानिक जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन किया है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपने कार्यकाल की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा है कि बीते दो वर्षों का प्रत्येक दिन देश के प्रत्येक नागरिक की आवाज़ को सत्ता तक पहुंचाने के लिए समर्पित रहा। इस दौरान उन्होंने नीट (NEET) परीक्षा से जुड़े छात्रों की समस्याओं, कथित वोट चोरी के मुद्दे तथा संविधान की रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार जनता के पक्ष में आवाज़ उठाई।

बिनोद भारद्वाज ने कहा कि राहुल गांधी का यह संदेश कि “सड़क से संसद तक, आपका भरोसा ही मेरी सबसे बड़ी ताक़त है। सफ़र लंबा है, लेकिन संकल्प वही है—आपके लिए हर लड़ाई लड़ता रहूँगा,” उनकी जनप्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संसदीय व्यवस्था में नेता प्रतिपक्ष का पद अत्यंत महत्वपूर्ण संवैधानिक जिम्मेदारी वाला पद है। सरकार की नीतियों पर रचनात्मक सुझाव देना, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा करना इस पद की प्रमुख जिम्मेदारियां हैं। राहुल गांधी ने इन सभी दायित्वों का गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन किया है।

बिनोद भारद्वाज ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी राहुल गांधी आम जनता, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के हितों की आवाज़ को संसद में मजबूती से उठाते रहेंगे तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment