बलौदाबाजार, 18 अगस्त 2026। बाढ़ जैसी आपदा आने पर किस तरह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए और राहत-बचाव का काम कैसे किया जाए, इसे लेकर 20 अगस्त को पलारी के बाल समुंद जलाशय में मॉक ड्रिल होगी। यह मॉक ड्रिल सुबह 9 बजे से शुरू होगी।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर होने वाली इस मॉक ड्रिल की तैयारी को लेकर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को जरूरी तैयारी पूरी कर समय पर मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।
मॉक ड्रिल में पुलिस, राजस्व, जिला सेनानी, जल संसाधन, स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी, बिजली, खाद्य, पीएचई, परिवहन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, पशु चिकित्सा, दूरसंचार सहित कई विभागों की टीम शामिल रहेगी। इस दौरान बाढ़ की स्थिति बनने पर बचाव और राहत के काम का अभ्यास किया जाएगा।
मॉक ड्रिल के लिए अपर कलेक्टर ए.आर. टंडन को जिला इंसिडेंट कमांडर बनाया गया है, जबकि सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र के अनुविभागीय इंसिडेंट कमांडर रहेंगे।
स्वामित्व कार्ड बांटने में जिले को प्रदेश में दूसरा स्थान
बैठक में कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के तहत टुण्डरा और कसडोल तहसील में स्वामित्व कार्ड बांटने का काम पूरा होने पर अधिकारियों की तारीफ की। उन्होंने बाकी तहसीलों को भी अगले 25 दिन में कार्ड बांटने का काम पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि स्वामित्व कार्ड वितरण में बलौदाबाजार-भाटापारा जिला पूरे प्रदेश में दूसरे नंबर पर है।
सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत गांवों में लगने वाले शिविरों की तैयारी की भी समीक्षा की गई। 20 अगस्त से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर ने इन शिविरों में लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जरूरी तैयारी पूरी रखने को कहा।
बैठक में ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, लंबित राजस्व मामले, सीपी ग्राम्स, मुख्यमंत्री जनदर्शन, एग्रीस्टेक पंजीयन, डिजिटल किसान किताब, सेवा सेतु पोर्टल और कोर्ट से जुड़े मामलों की भी समीक्षा हुई।
बैठक में नवपदस्थ डीएफओ पंकज कुमार कमल, जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर दीप्ति गोते, ए.आर. टंडन, निशा नेताम मड़ावी, सीमा ठाकुर समेत सभी एसडीएम, जनपद सीईओ और अलग-अलग विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।