पलेमा के जंगल में मिला नर कंकाल, 7 अगस्त से लापता था 50 वर्षीय व्यक्ति; मौत का कारण अज्ञात,

BHUPENDRA SINHA

August 19, 2026

छुरा/ गरियाबंद :- छुरा विकासखंड के ग्राम पलेमा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पलेमा के जंगल में एक व्यक्ति का नर कंकाल बरामद हुआ है। मृतक की पहचान भक्तु राम जगत, उम्र करीब 50 वर्ष, के रूप में बताई जा रही है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।

 

जानकारी के अनुसार भक्तु राम जगत 7 अगस्त को जंगल की ओर गया था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी। बताया जा रहा है कि वह पहले भी तीन-चार दिनों तक घर से बाहर रहता था और बाद में वापस लौट आता था, जिसके कारण परिजनों को उसके लापता होने की तत्काल आशंका नहीं हुई।

इसी बीच 17 अगस्त को छुरा थाना पुलिस को सूचना मिली कि पलेमा के जंगल में एक व्यक्ति का नर कंकाल पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही छुरा थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने नर कंकाल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जंगली जानवर के हमले की आशंका, लेकिन पुष्टि नहीं,

ग्रामीणों के अनुसार पलेमा के जंगल क्षेत्र में जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। घटनास्थल से मिले कुछ सामान और परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीण जंगली जानवर के हमले की आशंका जता रहे हैं। करीब एक सप्ताह बाद केवल नर कंकाल मिलने के कारण यह संभावना भी जताई जा रही है कि शरीर को जंगली जानवरों ने क्षत-विक्षत किया हो।

हालांकि, जंगली जानवर के हमले से मौत होने की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच और पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।

जांच के बाद सामने आएगी मौत की असली वजह,

फिलहाल छुरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। यदि जांच में जंगली जानवर के हमले की पुष्टि होती है तो जंगल क्षेत्र में सुरक्षा और वन्यजीवों की निगरानी को लेकर भी कई सवाल खड़े हो सकते हैं।

फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने का इंतजार है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भक्तु राम जगत की मौत किन परिस्थितियों में हुई और जंगल में उसकी मौत का वास्तविक कारण क्या था।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment