बलौदाबाजार, 10 मार्च 2026। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा 13 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी की जाएगी। यह राशि शाम 5 बजे गुवाहाटी (असम) से आयोजित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के माध्यम से किसानों के खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
इस कार्यक्रम के तहत देशभर के लगभग 9.32 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18,650 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जाएगी। वहीं बलौदाबाजार जिले के 1,27,544 पात्र किसानों को इस योजना का लाभ मिलेगा। जिले में इस दिन को पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान बैठकों का आयोजन किया जाएगा तथा प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी कराया जाएगा, ताकि किसान सीधे इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पारदर्शी व्यवस्था है, जिसके तहत सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाती है और किसान इस राशि का उपयोग बीज, खाद और अन्य कृषि कार्यों में कर सकते हैं, जिससे खेती की लागत कम होने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है।
जिले में 12 से 31 मार्च तक ग्राम पंचायत स्तर पर सेचुरेशन ड्राइव भी चलाया जाएगा। इसके तहत किसानों के एग्रीस्टेक पोर्टल में फार्मर आईडी पंजीयन, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, संदिग्ध प्रकरणों का सत्यापन व सुधार तथा पात्र किसानों का नया पंजीयन किया जाएगा।