बलौदाबाजार, 20 जनवरी 2026।
कलेक्टर दीपक सोनी ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि दूसरे एवं तीसरे टोकन के तहत धान का भौतिक सत्यापन पारदर्शी ढंग से कराने के बाद ही किसानों से खरीदी सुनिश्चित की जाए तथा बिचौलियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर श्री सोनी ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक धान खरीदी सुचारु रूप से संचालित हो रही है, किंतु अंतिम 10 दिनों में बिचौलियों द्वारा अवैध धान खपाने की कोशिशें बढ़ जाती हैं, जिन्हें पूरी तरह नाकाम करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने निर्देश दिए कि भौतिक सत्यापन के दौरान यदि धान उपलब्ध नहीं पाया जाता है तो संबंधित टोकन निरस्त किया जाए, वहीं कम मात्रा में धान पाए जाने की स्थिति में रकबा समर्पण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही एसआईआर के अंतर्गत नो-मैपिंग, लॉजिकल रीजनिंग एवं अन्य प्रकार की दावा–आपत्तियों की सुनवाई नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश सभी एईआरओ को दिए गए।
कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए 1 से 5 वर्ष तक लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अविवादित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन जैसे प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करने तथा नियमित कोर्ट आयोजित करने पर भी जोर दिया।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री सचिवालय, सीपी ग्राम्स, कलेक्टर जनदर्शन एवं समय-सीमा से संबंधित आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी बैठक में दिए गए।
बैठक में दिव्या अग्रवाल (सीईओ, जिला पंचायत), दीप्ति गौते, अवध राम टंडन, निशा नेताम मड़ावी सहित एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।