
रिपोर्टर टेकराम कोसले
बलौदाबाजार, 10 मार्च 2026। जिले में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए “मोर गांव मोर पानी अभियान 2.0” तथा जल संचय जनभागीदारी अभियान 2.0 जल्द शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले में मई 2026 तक लगभग 1,09,300 विभिन्न जल संरचनाओं के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इन संरचनाओं का निर्माण जनभागीदारी के माध्यम से किया जाएगा, जिससे भूजल स्तर को बढ़ाने और जल संकट से निपटने में मदद मिलेगी।
मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूजल स्तर में लगातार गिरावट को लेकर केंद्र और राज्य सरकार चिंतित हैं, इसलिए जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
शासकीय भवनों में अनिवार्य होगा वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
कलेक्टर ने निर्देश दिया कि सभी शासकीय भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का निर्माण अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि वर्षा जल का संरक्षण कर भूजल स्तर को बढ़ाया जा सके।
लोक सेवा गारंटी के आवेदनों का समय पर निराकरण
बैठक में कलेक्टर ने राजस्व एवं लोक सेवा गारंटी से जुड़े लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाना चाहिए। यदि किसी आवेदन का निराकरण समय-सीमा से अधिक होता है तो संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी करने के साथ नियमानुसार वसूली की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने अविवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे प्रकरणों को भी अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के निर्देश दिए।
शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पर सख्ती
कलेक्टर ने खेल मैदानों और अन्य शासकीय भूमि पर अतिक्रमण को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गांवों में कोटवार और पटवारी की मौजूदगी के बावजूद शासकीय भूमि पर अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। जहां भी अतिक्रमण पाया जाए, वहां तहसीलदार तत्काल कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाएं। साथ ही एसडीएम को राजस्व समीक्षा बैठकों में इस विषय की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
स्कूलों में ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि स्कूलों में शिक्षक और विद्यार्थियों की उपस्थिति मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य किया जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित हो सके।
सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए शिविर
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले के लिए निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए विकासखंडवार ग्राम पंचायत क्लस्टरों में शिविर आयोजित करने के निर्देश सीएसपीडीसीएल के अधिकारियों को दिए गए।
विभिन्न शिकायत पोर्टलों की समीक्षा
कलेक्टर ने बैठक में समय-सीमा के विभागवार लंबित आवेदन, सीपीग्राम्स, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री सचिवालय और कलेक्टर जनदर्शन से जुड़े प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएफओ गणवीर धम्मशील, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गौते, अवध राम टंडन, अभिषेक गुप्ता सहित एसडीएम, जनपद सीईओ और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।