सरायपाली में सड़क सुरक्षा के लिए महासमुंद पुलिस की अनोखी पहल, 100 लोगों को निःशुल्क हेलमेट वितरित

SARJU PRASAD SAHU

July 24, 2026

सरायपाली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस ने सरायपाली व्यापारी महासंघ के सहयोग से थाना सरायपाली परिसर में हेलमेट वितरण एवं यातायात जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) ललिता मेहर ने किया।

कार्यक्रम में सरायपाली व्यापारी महासंघ के पदाधिकारी, वरिष्ठ व्यापारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। इस दौरान करीब 100 दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। इनमें अधिकांश लाभार्थी वे परिवार थे, जिन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में अपने परिजनों को खोया है।

दुर्घटना पीड़ित परिवारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है। उनके अनुभवों ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर और संवेदनशील बनने का संदेश दिया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण कवच है।” उन्होंने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत होती है, जबकि हेलमेट पहनने से मृत्यु और गंभीर चोट की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है।

कार्यक्रम में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट का नियमित उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई गई।

सरायपाली व्यापारी महासंघ के प्रतिनिधियों ने महासमुंद पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा जैसे जनहितकारी अभियानों में व्यापारी महासंघ आगे भी सक्रिय सहयोग देता रहेगा।

कार्यक्रम में जनजागरूकता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पत्रकारों को भी हेलमेट भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वयं हेलमेट पहनने तथा अपने परिवार और परिचितों को भी यातायात नियमों के पालन और हेलमेट के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment