खनिज विभाग द्वारा सील की गई 15 लाख की जेसीबी चोरी, सलिहा पुलिस ने आरोपी को ट्रेलर सहित दबोचा

BIRENDRA KUMAR SEN

June 30, 2026

खनिज विभाग द्वारा सील की गई 15 लाख की जेसीबी चोरी, सलिहा पुलिस ने आरोपी को ट्रेलर सहित दबोचा

बलौदाबाज़ार/सलिहा:

जिला पुलिस को चोरी के एक बड़े मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सलिहा पुलिस ने जोकनदी (सोनपुर) से सील बंद हालत में चोरी हुई ₹15 लाख की जेसीबी (चैन माउंटेन मशीन) को बरामद कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए ट्रेलर को जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

​यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडे एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुरेंद्र मल्होत्रा के नेतृत्व में की गई।

​मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि ग्राम पंचायत सोनपुर की सचिव विमला साहू ने 21 जून 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 12 जून को जोकनदी में अवैध रेत उत्खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन (मॉडल JS 205, कीमत करीब 15 लाख रुपये) को खनिज विभाग बलौदाबाज़ार द्वारा सील कर सोनपुर नदी किनारे सुपुर्दगी में रखा गया था। लेकिन 13 और 14 जून की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने सील तोड़कर पूरी मशीन ही पार कर दी। शिकायत पर पुलिस ने धारा 303 (2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

​विवेचना के दौरान पुलिस ने बया, पिथौरा और ढाक टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक ट्रेलर (क्रमांक CG-04 JC-7313) पर जेसीबी लदी हुई दिखाई दी, लेकिन आगे आरंग टोल प्लाजा में यह गाड़ी गायब थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और तुमगांव ओवरब्रिज के पास से ट्रेलर और उसके चालक घनश्याम ध्रुव को हिरासत में लिया।

​पूछताछ में आरोपी चालक घनश्याम ध्रुव ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 13 जून की रात ग्राम मोखला निवासी ईशान चंद्राकर ने उसे तुमगांव ओवरब्रिज के पास बुलाया। ईशान ने उसे पिथौरा के पास सोनपुर से जेसीबी लाने के लिए 22 हजार रुपये का लालच दिया।

​लालच में आकर चालक ने अपने मालिक बलराम कांत साहू को बिना बताए, असली ट्रेलर (CG-04 JA-4946) पर फर्जी नंबर प्लेट (CG-04 JC-7313) लगाई। इसके बाद वे ग्राम रिकोकला पहुंचे, जहां ईशान चंद्राकर ने अपने ड्राइवर की मदद से जेसीबी को ट्रेलर पर लोड करवाया। आरोपी ने चोरी की जेसीबी को ग्राम मुढेना (चौकी घोराडी, महासमुंद) में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया है।

​पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चोरी में इस्तेमाल किए गए ट्रेलर और ₹15 लाख की जेसीबी को जब्त कर लिया है। आरोपी घनश्याम ध्रुव को 28 जून 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

​इस शानदार और त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी पुरेंद्र मल्होत्रा, सउनि देवनारायण साहू, प्रधान आरक्षक निशांत कुमार दुबे, आरक्षक राजेश नारंग, चंद्रप्रकाश भारद्वाज, रामकुमार पटेल और सलिहा थाने के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment