छुरा/ गरियाबंद :- बोल बम सेवा समिति के तत्वावधान में पवित्र सावन मास के तृतीय सोमवार एवं नागपंचमी के पावन अवसर पर छुरा नगर में भव्य कांवड़ यात्रा श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुई। लगातार हो रही बारिश भी शिवभक्तों के कदम नहीं रोक सकी। श्रद्धालु पूरे जोश और उत्साह के साथ “बोल बम” एवं “हर-हर महादेव” के जयघोष लगाते हुए यात्रा में आगे बढ़ते रहे। उनकी अटूट आस्था और भक्ति से पूरा छुरा नगर शिवमय हो उठा।
बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेकर नगर भ्रमण पर निकले और नगर के प्रमुख 12 शिवलिंगों में जलाभिषेक किया। डीजे पर गूंजते शिवभक्ति गीतों और जयघोष से नगर की गलियां भक्तिमय हो गईं।

12 शिवलिंगों में हुआ जलाभिषेक,
कांवड़ यात्रा का शुभारंभ सुखा नदी एनीकट किनारे स्थित सुखेश्वर महादेव में विधिवत पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक के साथ हुआ। इसके बाद कांवड़ियों का जत्था साखेश्वर महादेव (मामूलीपारा) पहुंचा, जहां पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु आगे बढ़े।
इसके पश्चात कांवड़ यात्रा संतोषेश्वर महादेव (संतोषीपारा), थानेश्वर महादेव (पुलिस थाना परिसर) होते हुए छुरेश्वर महादेव (रावणभाटा परिसर) पहुंची। इसके बाद श्रद्धालुओं ने नागेश्वर महादेव (शिक्षक कॉलोनी) में पूजा-अर्चना की।
आगे कांवड़ियों का जत्था हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित त्रिलोकेश्वर महादेव पहुंचा, जहां भगवान शिव की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद लिलेश्वर महादेव (लीलाबाई हॉस्पिटल परिसर), विद्युतेश्वर महादेव (बिजली विभाग परिसर), वनेश्वर महादेव (वन विभाग परिसर) एवं शिवेश्वर महादेव (शिव चौक) में श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया।
अंत में कांवड़ यात्रा मानस मंदिर परिसर स्थित यज्ञेश्वर महादेव पहुंची। यहां सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद भव्य महाआरती का आयोजन हुआ और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कांवड़ यात्रा का समापन हुआ।
धार्मिक झांकी ने मोहा मन,
कांवड़ यात्रा में स्कूली बच्चों ने भगवान महादेव एवं माता पार्वती का रूप धारण कर आकर्षक धार्मिक झांकी प्रस्तुत की। बच्चों की सुंदर वेशभूषा और मनमोहक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों का मन मोह लिया।
अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद भी हुईं शामिल,
नगर पंचायत छुरा की अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी थानसिंग निषाद भी कांवड़ यात्रा में श्रद्धापूर्वक शामिल हुईं। उन्होंने शिवभक्तों के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में सहभागिता की तथा विभिन्न शिवालयों में पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव की भक्ति, नगर की एकता एवं आपसी सौहार्द का यह आयोजन छुरा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करता है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से छुरा नगर में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उनकी सहभागिता से शिवभक्तों में उत्साह और बढ़ गया।
हर वर्ग की रही सहभागिता,
कांवड़ यात्रा में नगर के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, महिला मंडलों, युवाओं, स्कूली बच्चों, मंदिरों के पुजारियों एवं महाराज सहित सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिलाओं और युवाओं की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।
कांवड़ यात्रा ने छुरा नगर की सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और आपसी सौहार्द का सुंदर संदेश दिया। लगातार बारिश के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बना।
नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर किया सहयोग,
यात्रा की सफलता में नगरवासियों का विशेष सहयोग रहा। श्रद्धालुओं के लिए जल, प्रसाद एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में लोगों ने स्वेच्छा से आगे आकर सहयोग किया। विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।
बोल बम सेवा समिति ने जताया आभार,
कार्यक्रम की सफलता पर बोल बम सेवा समिति ने समस्त नगरवासियों, शिवभक्तों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, महिला मंडलों, युवाओं, स्कूली बच्चों, मंदिरों के पुजारियों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
समिति ने कहा कि नगरवासियों की श्रद्धा, एकजुटता और सहयोग के कारण कांवड़ यात्रा भव्य एवं सफल रही। समिति ने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि छुरा नगर पर सदैव उनकी कृपा बनी रहे तथा नगर में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली कायम रहे।