शासकीय हाई स्कूल उड़काकन में साइकिल वितरण एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत उड़काकन की सरपंच श्रीमती अंजू कौशले, शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती कला बाई बंजारे, सरपंच प्रतिनिधि प्रेम प्रकाश कौशले, पंच अशोक कुमार बंजारे, मितानिन श्रीमती रमेश बाई बंजारे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में पौधरोपण किया गया।
इस अवसर पर कक्षा 9वीं की 35 छात्राओं को शासन की योजना के तहत निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। सरपंच श्रीमती अंजू कौशले ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे हाई स्कूल के बाद उच्च शिक्षा प्राप्त कर मेडिकल, इंजीनियरिंग सहित अन्य क्षेत्रों में सफलता हासिल करें तथा अपने गांव, माता-पिता और शिक्षकों का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य लोचन भास्कर ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण करना चाहिए। साथ ही विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए विद्यालय परिवार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए बालक वर्ग में घटती छात्र संख्या पर चिंता व्यक्त की और इस दिशा में सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के व्याख्याता रमेश भारती, ललित नेताम, राजकुमार वर्मा तथा सफाई कर्मी गंगाराम जांगड़े सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।