खेत में भड़की आग, युवक की बहादुरी से पैरालिसिस पीड़ित बुजुर्ग की बची जान 40 डिग्री से अधिक तापमान और तेज हवाओं के बीच सिंधोरा में टला बड़ा हादसा

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

May 21, 2026


पलारी (सिंधोरा). क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और 40 डिग्री से अधिक तापमान के बीच मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे ग्राम सिंधोरा के गोडा खार स्थित खेत में पराली जलाने के दौरान अचानक आग भड़क उठी। तेज हवा और सूखे वातावरण के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान खेत में मौजूद पैरालिसिस पीड़ित एक बुजुर्ग आग की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही धुआं और ऊंची लपटें पूरे खेत में फैल गईं। भीषण गर्मी के कारण आग तेजी से खेत के बड़े हिस्से में फैलती चली गई। आग की भयावह स्थिति को देखकर मौके पर दहशत का माहौल बन गया।

इसी दौरान पलारी में शिवा पैथोलॉजी लैब संचालित करने वाले सिंधोरा निवासी ऋषि कुमार यदु अपने खेत के कार्य से गुजर रहे थे। तभी उनकी नजर आग की लपटों के बीच फंसे बुजुर्ग पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना देर किए साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बचाव कार्य शुरू कर दिया। अपनी जान की परवाह किए बिना वे आग की लपटों के बीच पहुंचे और पैरालिसिस पीड़ित बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उन्हें तत्काल पानी और राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उनकी हालत को संभालने का प्रयास किया। ऋषि कुमार यदु की बहादुरी और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। समय रहते किए गए इस साहसिक प्रयास से बुजुर्ग की जान बच गई।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और ऋषि कुमार यदु के साहस की जमकर सराहना की। लोगों ने इसे मानवता और जिम्मेदारी की मिसाल बताया।

वहीं, लगातार बढ़ती गर्मी और पराली जलाने की घटनाओं को लेकर क्षेत्र में चिंता जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और तेज हवाओं के बीच पराली जलाना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्ती बरतने और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment