डभरा में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान: स्कूलों में बच्चों को खिलाई गई दवा, गांव को फाइलेरिया मुक्त बनाने का संकल्प

TEKRAM KOSLE

February 10, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

डभरा। आदर्श ग्राम पंचायत बरतुंगा में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में बच्चों को फाइलेरिया की दवा खिलाई गई और पूरे गांव को फाइलेरिया मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग एवं विहान परियोजना के संयुक्त सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विहान परियोजना की जेंडर बीआरपी एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती अनिता घृतलहरे ने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों के साथ मिलकर बरतुंगा की प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के छात्र-छात्राओं को फाइलेरिया की गोली खिलाई। उन्होंने बच्चों और ग्रामीणों को इस गंभीर बीमारी से बचाव के लिए दवा सेवन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान आदर्श ग्राम पंचायत के सभी नागरिकों से विनम्र अपील की गई कि जब भी आंगनबाड़ी दीदी या मितानिन दीदी फाइलेरिया की दवा लेकर घर आएं, तो उनके सामने ही दवा का सेवन अवश्य करें। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया एक मच्छर के काटने से फैलने वाली गंभीर बीमारी है, जिसका प्रभाव बरतुंगा क्षेत्र में काफी देखा गया है। इसलिए गांव को पूरी तरह इस बीमारी से मुक्त करने के लिए सभी नागरिकों का दवा सेवन करना अत्यंत आवश्यक है।
इस अभियान में स्वास्थ्य कार्यकर्ता रूकमणी ध्रुव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री साहु, राधिका साहु, मितानिन अंबिका बाई चौहान, पुनीमती साहु, लता चौहान, समारिन लहरे, शिक्षक छत्तर कुंवर, खेश मैडम, चंद्रशेखर खुंटे, विहान परियोजना की सक्रिय महिला पूजा खुंटे तथा सामाजिक कार्यकर्ता अमिलाल घृतलहरे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव, स्वच्छता, मच्छर नियंत्रण और नियमित दवा सेवन के प्रति जागरूक किया गया। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि बरतुंगा को फाइलेरिया मुक्त गांव बनाया जाएगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ भविष्य प्रदान किया जाएगा।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment