गोंडा। एक हृदयविदारक घटना में सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए दामाद की मगरमच्छ के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक दीपक वर्मा नोएडा में नौकरी करते थे और अपनी सास के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने गोंडा पहुंचे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घाघरा नदी किनारे अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दीपक वर्मा नदी में हाथ धोने के लिए गए थे। तभी अचानक मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और उनका सिर पकड़कर नदी के भीतर खींच ले गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि स्थानीय ग्रामीणों ने पहले ही नदी में मगरमच्छ होने की चेतावनी दी थी और सावधानी बरतने को कहा था। इसके बावजूद यह दर्दनाक हादसा हो गया।
दीपक वर्मा की पत्नी अपनी मां की इकलौती बेटी हैं। वहीं दीपक की चार वर्षीय एक मासूम बेटी भी है। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।