45 डिग्री तापमान में 2 घंटे तक चला प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
कसडोल, 22 मई 2026। कसडोल स्थित पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित ओपन बोर्ड परीक्षा के दौरान 10वीं कक्षा की एक छात्रा द्वारा शिक्षकों के संरक्षण में खुलेआम नकल करने एवं उसका वीडियो वायरल होने के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कसडोल इकाई द्वारा उग्र प्रदर्शन किया गया।
बताया गया कि क्षेत्र में भीषण गर्मी और लगभग 45 डिग्री तापमान के बावजूद परिषद के दर्जनों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने परीक्षा केंद्र प्रभारी एवं संबंधित शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग करते हुए करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशासन एवं प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
आंदोलन की उग्रता को देखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने हस्तक्षेप करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिषद पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के नाम ज्ञापन BEO को सौंपा और आंदोलन समाप्त किया।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे ABVP के जिला संयोजक मलय साहू ने कहा कि आत्मानंद जैसे प्रतिष्ठित विद्यालय में शिक्षकों के संरक्षण में नकल होना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि इससे मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। यदि जल्द दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो परिषद जिला स्तरीय उग्र आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान एस.के. चिलक, प्रभात तिलक, गौतम साहू, मयंक साहू, अमित केसरी, नंदन निर्मलकर, प्रमोद साहू, अनुज, आकाश, जयंत, उज्जवल दीवान, निखिल साहू, नवीन साहू, सुधांशु साहू, हिमांशु सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।