
बलौदाबाजार। 12 जनवरी 2026 कलेक्टर दीपक सोनी ने शुक्रवार को खाद्य, सहकारिता, कृषि सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रही धान खरीदी की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने उपार्जन केंद्रों से धान के शीघ्र उठाव को सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले मिलरों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि उपार्जन केंद्रों में धान का जाम न लगे, इसके लिए उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। जो मिलर धान उठाव में रुचि नहीं ले रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही थोक एवं फुटकर विक्रेताओं पर कड़ी निगरानी रखने तथा संयुक्त टीम के माध्यम से नियमित जांच और निरीक्षण जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले के सभी 166 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी कार्य निरंतर जारी है। अब तक 1,08,548 किसानों से कुल 5,36,739 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है, जबकि 2,44,624 मीट्रिक टन धान का उठाव किया गया है।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी एवं उठाव की प्रगति की सतत निगरानी रखते हुए किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए और शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।