कोरिया। कोरिया जिले की नवपदस्थ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रोक्तिमा यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया प्रशासन और आम जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करती है।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कहा कि करीब 21 वर्षों की शासकीय सेवा में सरगुजा संभाग में कार्य करने का यह उनका पहला अवसर है। उन्होंने मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने में मीडिया अहम भूमिका निभाती है। साथ ही मीडिया प्रशासन को आईना दिखाने का भी कार्य करती है, जिससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और सुधार बना रहता है।
प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कलेक्टर ने कहा कि कोरिया जिले में विकास की अपार संभावनाएं हैं और टीम वर्क के माध्यम से जिले के समग्र विकास के लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों को सुनिश्चित करना होगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यालय एवं विभिन्न कार्यालयों में अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को अनिवार्य बनाया गया है। साथ ही शासन की फ्लैगशिप योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने में मीडिया की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
सुशासन तिहार शिविरों के संबंध में जानकारी देते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता और बारीकी से परीक्षण कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर डी.डी. मण्डावी ने जिले में संचालित जनगणना कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। प्रेस कांफ्रेंस में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एडीएम सुरेन्द्र वैद्य, जिला जनसंपर्क अधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।