रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: साप्ताहिक बाजार में सक्रिय झपटमार और पॉकेटमार गिरोह का पर्दाफाश, 5 महिलाओं समेत 6 गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

June 15, 2026

रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: साप्ताहिक बाजार में सक्रिय झपटमार और पॉकेटमार गिरोह का पर्दाफाश, 5 महिलाओं समेत 6 गिरफ्तार

रायगढ़, 15 जून 2026 रायगढ़ पुलिस ने लैलूंगा के साप्ताहिक बाजार में सक्रिय एक शातिर और संगठित पॉकेटमार व झपटमार गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सशस्त्र पुलिस जवानों की सतर्कता के चलते वारदात के तुरंत बाद गिरोह के मुख्य सदस्यों को दबोच लिया गया। पुलिस ने इस मामले में बलरामपुर जिले के कुसमी से संचालित होने वाले गिरोह की 5 महिलाओं और 1 पुरुष सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 18 ग्राम सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल की गई ईको कार और मोबाइल फोन सहित करीब 7 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

घटना शनिवार, 13 जून 2026 की है। लैलूंगा के इमलीपारा (वार्ड क्रमांक 04) की रहने वाली सेवानिवृत्त शिक्षिका मरियम टोप्पो (67 वर्ष) अपने पति के साथ लैलूंगा साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात आरोपी ने उनके गले से करीब एक तोला वजनी सोने की चेन झपट ली और भागने की कोशिश की। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास संदिग्ध महिलाएं दिखाई दीं।

 

बिलासपुर रेंज के आईजी श्री रामगोपाल गर्ग और रायगढ़ एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशानुसार बाजारों में पहले से ही सशस्त्र बल तैनात था। ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षक पूनम साहू ने ग्रामीणों की मदद से तुरंत एक संदिग्ध महिला मंगरीता गिरी को दबोच लिया।

पूछताछ के बाद पुलिस ने बाजार से ही उसके साथी दीपक गिरी को हिरासत में लिया। दोनों से कड़ाई से पूछताछ करने पर पता चला कि वे अपने परिवार की अन्य महिलाओं के साथ ईको कार (CG 30 J 8035) में सवार होकर बलरामपुर के कुसमी से यहां आए थे और योजनाबद्ध तरीके से भीड़भाड़ वाले बाजारों और मेलों में चोरी व झपटमारी करते थे।

 

वारदात को अंजाम देने के बाद गिरोह के अन्य सदस्य जशपुर जिले में अपने परिचितों के यहां छिप गए थे। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तत्काल जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर पुलिस से तालमेल बिठाया। लैलूंगा पुलिस की टीम ने देर रात जशपुर में दबिश देकर गिरोह की चार अन्य महिला सदस्यों— रीला गिरी, राजमोहनी उर्फ ठोली, सोनम गिरी और उर्मिला गिरी को गिरफ्तार कर लिया।

 

  • सोने की चेन: 18 ग्राम (लॉकेट सहित), कीमत लगभग 2 लाख रुपये।

  • वाहन: ईको कार (CG 30 J 8035), कीमत लगभग 5 लाख रुपये।

  • अन्य: 4 मोबाइल फोन।

  • धाराएं: थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

“आम नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। साप्ताहिक बाजारों में सशस्त्र जवानों की ड्यूटी लगाई जा रही है, जिसके कारण लैलूंगा पुलिस को यह सफलता मिली। पाकेटमारी और झपटमारी करने वाले गिरोह यह भूल जाएं कि वे भीड़ का फायदा उठाकर बच निकलेंगे। कानून से खिलवाड़ करने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा।”श्री शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़

गिरफ्तार आरोपियों की सूची:

  1. मंगरीता गिरी (25 वर्ष)

  2. दीपक गिरी (21 वर्ष)

  3. रीला गिरी (28 वर्ष)

  4. राजमोहनी उर्फ ठोली (45 वर्ष)

  5. सोनम गिरी (20 वर्ष)

  6. उर्मिला गिरी (27 वर्ष)

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment