सड़क हादसे में भीम आर्मी के युवा नेता दीपक सिंह का निधन, जंतर-मंतर आंदोलन में शामिल होने छत्तीसगढ़ से बाइक पर निकले थे दिल्ली
जशपुर/रायपुर:-दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को आयोजित विरोध प्रदर्शन (प्रोटेस्ट) में शामिल होने छत्तीसगढ़ से बाइक द्वारा निकले भीम आर्मी के कार्यकर्ता एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। उत्तर प्रदेश के अलीपुर के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में सीतापुर निवासी युवा साथी दीपक सिंह का अत्यंत दुखद निधन हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, भीम आर्मी जशपुर के जिलाध्यक्ष एस.बी. सिंह कुसरो (सूरज भान सिंह) और उनके साथी दीपक सिंह समाज के अधिकारों और व्यवस्था की कमियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए बाइक से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में उत्तर प्रदेश के अलीपुर क्षेत्र में पीछे से आ रही कार ने लापरवाही पूर्वक उन्हें टक्कर मार दी।
इस दुखद घटना के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त है। समर्थकों और समाजजनों का कहना है कि दीपक सिंह लाचार और अन्यायपूर्ण व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष करने के लिए दिल्ली जा रहे थे। जनहित और सामाजिक न्याय की इस लड़ाई में उनका यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाना चाहिए। समर्थकों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि दिवंगत दीपक सिंह को ‘शहीद का दर्जा’ दिया जाए और उनके परिवार को उचित सहायता प्रदान की जाए।
भीम आर्मी और समर्थकों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए भगवान बुद्ध से प्रार्थना की है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दें।
श्रद्धांजलि: “लाचार व्यवस्था से लड़ने निकले हमारे साथी का यह बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। ईश्वर/भगवान बुद्ध दीपक सिंह जी की आत्मा को शांति प्रदान करें।”