स्थानीय किसानों के पास हैं करीब 60 हार्वेस्टर मशीनें, बाहरी हार्वेस्टरों के आने से रोजगार और कर्ज की किस्त चुकाने में आ रही परेशानी,
छुरा/ गरियाबंद :- धान कटाई के सीजन में छुरा विकासखंड में दूसरे जिलों से आने वाले हार्वेस्टरों पर प्रतिबंध लगाने और स्थानीय हार्वेस्टर संचालकों के संघ का पंजीयन कराने की मांग उठने लगी है। इस संबंध में छुरा विकासखंड के हार्वेस्टर संचालकों एवं किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) छुरा को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि छुरा विकासखंड के स्थानीय किसानों के पास वर्तमान में लगभग 60 हार्वेस्टर मशीनें उपलब्ध हैं। इन सभी मशीनों को किसानों ने बैंक फाइनेंस के माध्यम से कर्ज लेकर खरीदा है। हार्वेस्टर की प्रत्येक छमाही किस्त की राशि लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये से अधिक होने के कारण संचालकों पर आर्थिक जिम्मेदारी बनी हुई है।
स्थानीय हार्वेस्टर संचालकों का कहना है कि धान कटाई के सीजन में दूसरे जिलों से बड़ी संख्या में हार्वेस्टर मशीनें छुरा विकासखंड में पहुंच जाती हैं। इससे स्थानीय हार्वेस्टर संचालकों को पर्याप्त काम नहीं मिल पाता और उनकी मशीनें खाली खड़ी रह जाती हैं। परिणामस्वरूप बैंक से लिए गए कर्ज की किस्त चुकाना भी मुश्किल हो रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि अन्य जिलों में भी स्थानीय हार्वेस्टर संचालकों द्वारा बाहरी हार्वेस्टरों के संचालन पर प्रतिबंध लगाए जाने की बात सामने आ रही है। ऐसी स्थिति में छुरा क्षेत्र के संचालक दूसरे जिलों में जाकर भी काम नहीं कर पा रहे हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक प्रभावित हो रही है।
हार्वेस्टर संचालकों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए अन्य जिलों से छुरा विकासखंड में आने वाली हार्वेस्टर मशीनों पर प्रतिबंध लगाने की पहल की जाए। साथ ही स्थानीय हार्वेस्टर संचालकों के संघ का पंजीयन कराने की प्रक्रिया भी पूरी कराई जाए, ताकि स्थानीय किसानों और हार्वेस्टर संचालकों को काम का उचित अवसर मिल सके।
अब देखना होगा कि स्थानीय हार्वेस्टर संचालकों की इस मांग पर प्रशासन क्या कदम उठाता है और धान कटाई के सीजन में स्थानीय संचालकों को राहत मिल पाती है या नहीं।


