शिक्षण उत्सव 2026 में शिक्षक सुदामा प्रसाद लोधी सम्मानित, राज्यपाल पुरस्कार के लिए भी हो चुके हैं चयनित,

BHUPENDRA SINHA

October 22, 2026

छुरा के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरदी में पदस्थ शिक्षक लोधी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान,

छुरा/गरियाबंद :-जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने, शिक्षण में नवाचार को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से राजिम स्थित प्रेम रतन मैरिज पैलेस में शिक्षण उत्सव 2026 का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन गरियाबंद एवं ओपन लिंक्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं संकुल समन्वयकों को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में विकासखंड छुरा के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरदी में पदस्थ शिक्षक सुदामा प्रसाद लोधी को उनके समर्पित कार्यों और शैक्षिक नवाचारों के लिए सम्मानित किया गया।

शिक्षक सुदामा प्रसाद लोधी शिक्षा के क्षेत्र में अपने नवाचारी प्रयासों के लिए विशेष पहचान रखते हैं। वे ‘कबाड़ से जुगाड़’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मक एवं व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करने के लिए जाने जाते हैं। उन्हें नवाचारी कार्यों, मुख्यमंत्री शिक्षक गौरव सम्मान तथा विज्ञान प्रदर्शनी में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके साथ ही उनका चयन वर्ष 2026 के राज्यपाल पुरस्कार के लिए भी हुआ है, जो उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों और शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

शिक्षण उत्सव के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चन्द्राकर एवं सहायक जिला सांख्यिकी अधिकारी श्याम चन्द्राकर की उपस्थिति में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और संकुल समन्वयकों के योगदान को सराहा गया। इस अवसर पर गौरव गरियाबंद के तहत संचालित विनोबा भावे ओपन लिंक्स फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षक सुदामा प्रसाद लोधी को सम्मानित किया गया।

शैक्षिक नवाचार और बेहतर शिक्षा पर दिया गया जोर,

शिक्षण उत्सव 2026 का प्रमुख उद्देश्य जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के साथ शिक्षकों के नवाचारी प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों, प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों एवं शिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही शैक्षिक नवाचारों पर संवाद और शिक्षकों एवं अधिकारियों के बीच सहयोग तथा समन्वय को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।

शिक्षक सुदामा प्रसाद लोधी की इस उपलब्धि से शिक्षा जगत सहित छुरा विकासखंड में हर्ष का माहौल है। उनके कार्यों को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और सीखने की नई प्रवृत्तियों को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग और शाला परिवार ने दी बधाई,

शिक्षक सुदामा प्रसाद लोधी को सम्मान मिलने एवं राज्यपाल पुरस्कार के लिए चयनित होने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, शाला प्रबंधन समिति और ग्रामीणजनों ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

बधाई देने वालों में विकासखंड शिक्षा अधिकारी किशुन मतावले, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार सिन्हा, विकासखंड स्रोत समन्वयक महेश सिन्हा, संकुल प्राचार्य आशारानी चतुर्वेदी, संकुल समन्वयक शिवकुमार ठाकुर तथा संकुल केंद्र छुरा-ब के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हैं।

इसी क्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अब्दुल समीम खान, पार्षद हरीश यादव एवं समस्त पार्षदगण, मीडिया प्रतिनिधिगण, ग्राम पंचायत हरदी की सरपंच गोमती संतु ध्रुव, उपसरपंच एवं उपसरपंच संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रुपनाथ बंजारे, पंचगण, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्य तथा ग्रामीणजनों ने भी शुभकामनाएं दीं।

शाला परिवार की ओर से प्रधान पाठक राधे लाल साहू, शांतिप्रभा मिंज, रूपसिंह ध्रुव, गोवर्धन यादव, तोमेश्वर साहू सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने शिक्षक सुदामा प्रसाद लोधी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शिक्षण उत्सव में मिला यह सम्मान शिक्षक सुदामा प्रसाद लोधी के शैक्षणिक योगदान को मिली एक और पहचान है। राज्यपाल पुरस्कार के लिए उनका चयन भी जिले के लिए गौरव का विषय है। उनके नवाचारी प्रयास अन्य शिक्षकों को भी शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोग करने और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण अनुभव प्रदान करने के लिए प्रेरित करेंगे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment