
पलारी। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व और षष्ठी के शुभ अवसर पर नगर पलारी में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महाप्रसादी का भव्य आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्यक्रम के यजमान, पूरे पलारी सहित अंचल में ‘दादाजी’ के नाम से विख्यात श्री डालेंद्र कन्नौजे रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पंचायत पलारी के अध्यक्ष गोपी साहू ने शिरकत की।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा आदि शक्ति माँ भवानी की विशेष आरती और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। माता की आराधना के पश्चात् उपस्थित सम्माननीय अतिथियों ने अपने हाथों से श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया, जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासियों ने माता का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
प्रसाद वितरण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू ने इस भव्य व व्यवस्थित धार्मिक आयोजन के लिए यजमान डालेंद्र कन्नौजे के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। गौरतलब है कि अंचल में ‘दादाजी’ के नाम से प्रसिद्ध डालेंद्र कन्नौजे एक प्रखर धर्म प्रेमी होने के साथ-साथ खेल प्रेमी भी हैं। उनके द्वारा हर वर्ष नवरात्रि के पावन अवसर पर निरंतर महाप्रसादी का वितरण किया जाता है। धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले डालेंद्र कन्नौजे खेल के मैदान में भी उतने ही सक्रिय रहते हैं और क्रिकेट व बैडमिंटन के क्षेत्र में उनकी खासी लोकप्रियता है। कार्यक्रम के अंत में नगर अध्यक्ष सहित सम्माननीय अतिथियों ने वहां उपस्थित सभी लोगों और नगरवासियों को शारदीय नवरात्रि पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। माता के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच यह महाप्रसादी वितरण कार्यक्रम अत्यंत शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष गोपी साहू के साथ हितेंद्र ठाकुर, दुर्गा माहेश्वर, नन्द वर्मा, झड़ीराम कन्नौजे, लोकेश कन्नौजे, राजेश कन्नौजे, ताजेन्द्र कन्नौजे, प्रकाश कुमार सेन, राजकुमार साहू, गोलू ग्वालानी, रवि कन्नौजे, गुरुदत्त कन्नौजे, वैभव कन्नौजे, दीपेंद्र कन्नौजे सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, स्थानीय समाजसेवी, प्रबुद्धजन और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।