फार्म-6 भरवाकर युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने की पहल, सोशल मीडिया और प्रेरक स्लोगन से भी फैला रहे जागरूकता
सक्ती। जैजैपुर 12 अक्टूबर 2026 लोकतंत्र को मजबूत बनाने और प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार दिलाने के उद्देश्य से ग्राम धमनी में विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत भाग संख्या 251 के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) एवं शिक्षक जगजीवन प्रसाद जांगड़े घर-घर पहुंचकर नागरिकों को मतदाता पंजीयन के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उनका विशेष जोर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने पर है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
इसी कड़ी में 12 अक्टूबर 2026 को ग्राम धमनी के जूना तालाब स्थित मंगल भवन में विशेष मतदाता पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। बीएलओ जगजीवन प्रसाद जांगड़े ने युवाओं से समय पर आवेदन करने तथा अपने परिवार और आसपास के अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता पंजीयन के लिए जागरूक करने की अपील की।
अब तक पांच ऑनलाइन आवेदन, पांच ऑफलाइन फार्म उपलब्ध
ग्राम धमनी में संचालित मतदाता पंजीयन अभियान के तहत अब तक फार्म-6 के पांच ऑनलाइन आवेदन किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके अतिरिक्त पांच ऑफलाइन आवेदन फार्म भी उपलब्ध कराए गए हैं। घर-घर संपर्क और जनजागरूकता के माध्यम से युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य है कि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
आकर्षक स्लोगन और सोशल मीडिया से भी फैला रहे जागरूकता
बीएलओ एवं शिक्षक जगजीवन प्रसाद जांगड़े मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पारंपरिक जनसंपर्क के साथ आधुनिक डिजिटल माध्यमों का भी उपयोग कर रहे हैं। वे आकर्षक दफ्तियां तैयार कर उन पर प्रेरक स्लोगन लिखकर लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसके साथ ही इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जागरूकता वीडियो बनाकर प्रसारित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं और पात्र नागरिकों तक मतदाता पंजीयन का संदेश पहुंच सके।
उनका प्रयास है कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवा समय पर अपना पंजीयन कराएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
जनपद पंचायत जैजैपुर में बीएलओ प्रशिक्षण आयोजित
मतदाता पंजीयन अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनपद पंचायत जैजैपुर के सभाकक्ष में बीएलओ प्रशिक्षण का भी आयोजन किया गया। तहसीलदार विद्याभूषण साव के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण में पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, फार्म-6 भरने तथा पंजीयन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर प्रशांत बनाफर, हरनारायण चंद्रा, हीरेंद्र चंद्रा सहित अन्य संबंधित व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से मैदानी स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान को गति देने और पात्र नागरिकों तक निर्वाचन संबंधी जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया।
विशेष शिविर में गणमान्य नागरिक और नवमतदाता रहे उपस्थित
ग्राम धमनी में आयोजित विशेष मतदाता पंजीयन शिविर में सुरेश बंजारे, भरत टंडन, पंचराम बंजारे, रोहित बंजारे, दिलीप बंजारे, छोटेलाल अजय, रूपेंद्र खटर्जी, ओमप्रकाश निराला और विक्रम खुराना सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं नवमतदाताओं में सविता साहू, अंजना भारद्वाज सहित अन्य युवाओं ने भी सहभागिता की।
जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की पहचान
ग्राम धमनी में चलाया जा रहा यह अभियान मतदाता जागरूकता को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। शिक्षक एवं बीएलओ जगजीवन प्रसाद जांगड़े घर-घर संपर्क, विशेष शिविरों, प्रेरक स्लोगन और सोशल मीडिया के माध्यम से नागरिकों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
अभियान का मुख्य संदेश है—“कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे।” यह पहल युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।