डिजिटल होगा परिवहन विभाग, घर बैठे मिलेंगी सेवाएं; बलौदाबाजार में नए कार्यालय की सौगात
बलौदाबाजार, 5 अक्टूबर। जिले के वाहन मालिकों और आम लोगों के लिए सोमवार का दिन सुविधाओं की नई शुरुआत लेकर आया। ग्राम परसाभदेर स्थित बाईपास रोड पर 174.41 लाख रुपए की लागत से तैयार जिला परिवहन कार्यालय के सर्वसुविधायुक्त नवीन भवन का परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद लोकार्पण किया। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन के शुरू होने से परिवहन विभाग के कामकाज को नई दिशा मिलने के साथ लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।लोकार्पण समारोह में परिवहन विभाग के डिजिटल विस्तार से लेकर सड़क सुरक्षा और पर्यटन विकास तक कई महत्वपूर्ण घोषणाएं हुईं। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने सोनबरसा जंगल सफारी के लिए 4 नई जिप्सी उपलब्ध कराने के साथ सौंदर्यीकरण और विभिन्न विकास कार्यों के लिए डेढ़ करोड़ रुपए की स्वीकृति की घोषणा की। इससे क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय स्तर पर विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
परिवहन आयुक्त ने बताया, अब अत्याधुनिक सुविधाओं से जुड़ रहा विभाग
समारोह में सबसे पहले परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से डिजिटल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। परिवहन विभाग को भी आधुनिक और अत्याधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। नवीन कार्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि तकनीक के विस्तार से परिवहन सेवाओं को अधिक पारदर्शी, आसान और लोगों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में परिवहन विभाग से जुड़े अधिकांश कार्य डिजिटल होंगे, जिससे लोगों को बार-बार कार्यालय आने की जरूरत कम होगी और घर बैठे कई सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा बोले- क्षेत्रवासियों को मिली नई सौगात
इसके बाद पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने नवीन भवन के लिए क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिली है। उन्होंने 17 विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा शासन में हुए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं।
मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा- जिले के लिए ऐतिहासिक दिन
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने नवीन जिला परिवहन कार्यालय भवन के लोकार्पण को जिले के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि भवन की स्वीकृति के पौने दो साल के भीतर ही सर्वसुविधायुक्त कार्यालय का निर्माण पूरा होना बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहर से लेकर गांव तक लगातार विकास कार्य कर रही है। इसका लाभ सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में जल्द ही वाहन टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध होने जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की बात भी उन्होंने कही।
केदार कश्यप बोले- बाइक देते व चलाते हैं तो बीमा भी करवाये, सुरक्षा से समझौता न करें
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार जन आकांक्षाओं के अनुरूप परिवहन कार्यालयों को आधुनिक बना रही है। आने वाले समय में परिवहन से संबंधित सभी कार्य डिजिटल होंगे और लोगों को घर बैठे सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में करीब 2 लाख 14 हजार वाहन पंजीकृत हैं। इतनी बड़ी संख्या में वाहनों को देखते हुए परिवहन सेवाओं का आधुनिक होना जरूरी है।
मंत्री ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने स्कूली बच्चों के दोपहिया वाहन चलाने पर अभिभावकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देना जरूरी है। साथ ही वाहन खरीदने के बाद उसका बीमा जरूर कराएं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय सुरक्षा को प्राथमिकता दें और यातायात नियमों का पालन करें।
डेढ़ लाख तक कैशलेस इलाज, पैक्स में भी परिवहन सुविधा
मंत्री कश्यप ने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना पीड़ितों को योजना के तहत डेढ़ लाख रुपए तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है। उन्होंने जिले के 5 पैक्स में परिवहन सुविधा केंद्र संचालित होने और अब तक 572 लर्निंग लाइसेंस जारी किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पैक्स केवल धान खरीदी तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि आम लोगों से जुड़े अन्य कार्यों के लिए भी सुविधा केंद्र के रूप में काम करेंगे।
सोनबरसा को 4 जिप्सी, डेढ़ करोड़ के विकास कार्य
कार्यक्रम में परिवहन मंत्री ने सोनबरसा जंगल सफारी के लिए 4 नई जिप्सी देने की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्र में सौंदर्यीकरण और विभिन्न विकास कार्यों के लिए डेढ़ करोड़ रुपए की स्वीकृति भी दी गई। घोषणा के बाद स्थानीय स्तर पर पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद बढ़ी है।
नवीन भवन का किया निरीक्षण, सुविधाओं का लिया जायजा
लोकार्पण के बाद परिवहन मंत्री केदार कश्यप और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ नवीन कार्यालय भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और गुणवत्तापूर्ण निर्माण की सराहना की। अधिकारियों से कार्यालय में आने वाले आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
लाइसेंस, हेलमेट और बुजुर्गों को बस पास बांटे

कार्यक्रम के दौरान 5 वाहन स्वामियों को ड्राइविंग लाइसेंस, 5 लोगों को हेलमेट तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के 10 बुजुर्गों को निःशुल्क बस पास वितरित किए गए। इस दौरान परिवहन विभाग की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नवीन जिला परिवहन कार्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम भी हुआ। परिवहन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
परिवहन सुविधा केंद्र संचालकों की भी रही मौजूदगी
लोकार्पण समारोह में जिले में संचालित परिवहन सुविधा केंद्रों के संचालक भी शामिल हुए। विभाग के डिजिटल विस्तार और पैक्स स्तर पर परिवहन सुविधा केंद्रों के संचालन को लेकर उनके बीच भी खास उत्साह नजर आया। अधिकारियों ने परिवहन सेवाओं को आम लोगों तक आसानी से पहुंचाने में सुविधा केंद्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
ये जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, प्रमोद शर्मा, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, अपर आयुक्त परिवहन डी. रविशंकर, मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मणीवासन, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, डीएफओ पंकज कमल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, परिवहन सुविधा केंद्रों के संचालक और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ,ग्रामवासी उपस्थित रहे।