रायपुर महापौर के खिलाफ अश्लील टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल जब्त
रायपुर: रायपुर कमिश्नरेट के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में महापौर के विरुद्ध अश्लील टिप्पणी और गाली-गलौज करने वाले आरोपी विजय उर्फ सोनू महेश्वरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
वीडियो प्रसारित कर माहौल बिगाड़ने का था प्रयास मामले का खुलासा प्रार्थी अनिल सोनकर द्वारा 3 सितंबर को दर्ज कराई गई रिपोर्ट के बाद हुआ। शिकायत में बताया गया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने महापौर के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए एक वीडियो बनाया था। इस वीडियो को ‘मिरर छत्तीसगढ़’ के एंकर सोमा देवांगन द्वारा बिना आपत्तिजनक अंश हटाए प्रसारित किया गया, जिससे समाज में अशांति फैलने की आशंका उत्पन्न हो गई।
शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 475/2026 दर्ज कर मामले की तकनीकी और मैदानी जांच शुरू की।
पूछताछ में कबूला जुर्म वरिष्ठ अधिकारियों और डीसीपी (सेंट्रल जोन) के मार्गदर्शन में सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्रार्थी व गवाहों से पूछताछ कर आरोपी की पहचान की। घेराबंदी कर देवपुरी, आमातालाब (टिकरापारा) निवासी 24 वर्षीय विजय उर्फ सोनू महेश्वरी (पिता नारायण महेश्वरी) को हिरासत में लिया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने वीडियो बनाकर टिप्पणी करने का जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद कर लिया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।