छुरा /गरियाबंद:- मानसून की पहली बारिश में कोसमबुड़ा गांव के पास स्थित पुलिया पूरी तरह ढहकर बह जाने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों का आवागमन प्रभावित हो गया है। पुलिया टूटने के कारण पिपराही, दुल्ला, सारागांव, कोसमी, नयापारा, नवगई, भैंसामुंडा, केवटीझर, टोनहीडबरी, भरुवामुंडा, रसेला सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और ओडिशा जाने वाले मार्ग का संपर्क बाधित हो गया है। इससे हजारों ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी समस्या को लेकर शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे के प्रतिनिधिमंडल ने कोसमबुड़ा पहुंचकर क्षतिग्रस्त पुलिया स्थल का जायजा लिया। प्रतिनिधिमंडल ने मौके की स्थिति का निरीक्षण करते हुए पुलिया के निर्माण और सड़क की गुणवत्ता को लेकर चिंता जताई।
शिवसेना नेता महेश वासुदेव दुबे ने कहा कि पुलिया के जर्जर होने के बावजूद समय रहते उसका निरीक्षण और आवश्यक मरम्मत नहीं किया गया। पहली ही बारिश में पुलिया बह जाने से संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देना चाहिए।
स्कूली बच्चों और मरीजों को हो रही परेशानी,
पुलिया के टूट जाने से स्कूली बच्चों, मरीजों, दैनिक मजदूरों और आम राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार आवागमन के लिए सुगम रास्ता नहीं होने के कारण लोगों को जोखिम उठाकर आने-जाने की मजबूरी बनी हुई है।
शिवसेना प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीणों की सुरक्षा और आवागमन को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक मार्ग अथवा डायवर्सन तैयार कराया जाए, ताकि प्रभावित गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से दोबारा जोड़ा जा सके। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर जल्द से जल्द स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण पक्की पुलिया का निर्माण शुरू कराने की मांग की गई है।
जल्द हो वैकल्पिक मार्ग, नहीं तो आंदोलन की चेतावनी,
शिवसेना पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द वैकल्पिक मार्ग बनाने और पुलिया निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो शिवसेना क्षेत्र के ग्रामीणों और आम जनता को साथ लेकर जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान शिवसेना प्रतिनिधिमंडल में मितेश शर्मा, टिकेश साहू, दीपेंद्र कुंजाम सहित अन्य शिवसेना के कार्यकर्ता मौजूद रहे।