
18 सितंबर के बजाय अब 15 सितंबर को रहेगा शासकीय अवकाश, कलेक्टर महासमुंद ने जारी किया संशोधित आदेश
बसना। नवाखाई पर्व के अवसर पर अवकाश की तिथि को लेकर बसना विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान द्वारा उठाई गई मांग का असर देखने को मिला है। नवाखाई पर्व के महत्व को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन महासमुंद ने पूर्व निर्धारित अवकाश तिथि में संशोधन करते हुए अब 15 सितंबर 2026 को शासकीय अवकाश घोषित किया है। इससे पहले नवाखाई पर्व के लिए 18 सितंबर 2026 की तिथि निर्धारित की गई थी।
जिला कलेक्टर महासमुंद द्वारा 31 अगस्त 2026 को जारी संशोधित आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सामान्य पुस्तक परिपत्र भाग-दो, अनुक्रमांक-चार के नियम आठ के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले में स्थानीय अवकाश की तिथि में संशोधन किया गया है। आदेश के अनुसार नवाखाई (नुआखाई) पर्व के अवसर पर 15 सितंबर 2026, मंगलवार को स्थानीय अवकाश रहेगा।
पर्व की वास्तविक तिथि को लेकर मोक्ष कुमार प्रधान ने उठाई थी आवाज
नवाखाई छत्तीसगढ़ के अंचल में विशेष रूप से मनाया जाने वाला महत्वपूर्ण पारंपरिक एवं सांस्कृतिक पर्व है। किसानों और ग्रामीण समाज के लिए इस पर्व का विशेष महत्व है। क्षेत्र में नवाखाई पर्व की परंपरा एवं धार्मिक-सामाजिक मान्यताओं को ध्यान में रखते हुए मोक्ष कुमार प्रधान ने प्रशासन के समक्ष अवकाश की तिथि को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा था कि नवाखाई पर्व 15 सितंबर को मनाया जाना है, ऐसे में 18 सितंबर को अवकाश घोषित किया जाना उचित नहीं है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की थी कि पर्व की वास्तविक तिथि पर ही शासकीय अवकाश घोषित किया जाए, ताकि आमजन, किसान, कर्मचारी एवं ग्रामीण समाज अपने पारंपरिक पर्व को परिवार और समाज के साथ उत्साहपूर्वक मना सकें।
उनकी मांग के बाद अब जिला प्रशासन द्वारा अवकाश तिथि में संशोधन किए जाने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
अवकाश की तारीख में संशोधन होने के बाद बसना विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने इसे अपनी संस्कृति और परंपरा के सम्मान से जोड़कर देखा है। ग्रामीणों का कहना है कि पर्व जिस दिन मनाया जाता है, उसी दिन अवकाश मिलने से लोग अपने परिवार के साथ धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकेंगे।
वहीं, कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि नवाखाई केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी कृषि संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। पर्व की वास्तविक तिथि पर अवकाश घोषित किए जाने से समाज के लोगों को अपनी परंपराओं के अनुसार पर्व मनाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जनभावनाओं और क्षेत्रवासियों की मांग को प्रशासन तक पहुंचाना जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी जिम्मेदारी है। 15 सितंबर को नवाखाई पर्व का अवकाश घोषित होने से लोगों की भावनाओं का सम्मान हुआ है।
18 सितंबर की जगह 15 सितंबर को रहेगा अवकाश
जिला प्रशासन के संशोधित आदेश के बाद अब 18 सितंबर 2026 के स्थान पर 15 सितंबर 2026, मंगलवार को नवाखाई पर्व के लिए स्थानीय शासकीय अवकाश रहेगा। आदेश की प्रति जिले के संबंधित अधिकारियों एवं कार्यालयों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई है।
इस पूरे मामले में बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान द्वारा समय पर उठाई गई मांग और पर्व की वास्तविक तिथि पर अवकाश की आवश्यकता को प्रमुखता से सामने रखने को क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि जनता की भावनाओं, क्षेत्र की परंपराओं और सामाजिक हित से जुड़े मुद्दों को आगे भी पूरी मजबूती के साथ उठाया जाता रहेगा।