महासमुंद पुलिस ने वर्ष 2022 के बहुचर्चित साइबर ठगी मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार वर्षों से फरार चल रहे आरोपी आकाश शर्मा, निवासी नई दिल्ली, को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर काले चावल (ब्लैक राइस) के अंतरराष्ट्रीय व्यापार का झांसा देकर महासमुंद की सेन एंड सेन ऑर्गेनिक फर्म से 28 लाख 47 हजार 600 रुपये की साइबर ठगी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना महासमुंद के अपराध क्रमांक 362/2022 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 419, 120-बी, 34 एवं आईटी एक्ट की धारा 66-डी के तहत प्रकरण दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही थी। मामले में एक अन्य आरोपी अंकित तोमर को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से फर्म से संपर्क कर स्वयं को एक प्रतिष्ठित ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताया। इसके बाद विदेशी खरीदार उपलब्ध कराने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में व्यापार दिलाने का झांसा देकर ईजीसी (EGC), एनओसी (NOC), ग्लोबल ट्रेड सर्टिफिकेट सहित विभिन्न दस्तावेज बनवाने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये जमा करा लिए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से भेजे गए सभी ट्रेडिंग एवं प्रमाणन दस्तावेज पूरी तरह फर्जी थे। ठगी की रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर प्रार्थी की फर्म को कुल 28.47 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
गिरफ्तार आरोपी आकाश शर्मा ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसके बैंक खाते का उपयोग ठगी की रकम प्राप्त करने तथा अन्य आरोपियों तक राशि पहुंचाने के लिए किया गया था।
पुलिस ने बताया कि इस साइबर ठगी गिरोह के मुख्य आरोपी विवेक तोमर की तलाश जारी है। मामले की जांच आगे भी जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।