चक्रवाती तूफान अकवान को लेकर सक्ती प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

SARJU PRASAAD SAHU

November 20, 2026

सक्ती। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए सक्ती जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम विभाग द्वारा 20 एवं 21 नवंबर 2026 को जिले के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। संभावित मौसम परिस्थितियों और आपदा की आशंका को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती जयश्री जैन ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन से जुड़ी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

120 से 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त चेतावनी के अनुसार, दक्षिण एवं उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तटों पर नेल्लोर एवं टुनी के बीच बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में दस्तक दे सकता है। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने तथा झोंकों के साथ इसकी गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश

संभावित चक्रवाती तूफान के प्रभाव से उत्पन्न परिस्थितियों और संभावित नुकसान को न्यूनतम रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जल संसाधन विभाग एवं विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता, जिला सेनानी नगर सेना, सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

आपसी समन्वय से आपात स्थिति से निपटने की तैयारी

कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें तथा किसी भी संभावित आपात परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं तैयार रखें। साथ ही शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है।

जिला प्रशासन ने संभावित मौसम परिवर्तन को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment