उधारी पैसों के विवाद में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

SARJU PRASAAD SAHU

November 19, 2026

खोखरा गांव में शराब पीने के दौरान हुआ विवाद बना हत्या की वजह, पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त कंक्रीट का पत्थर किया जब्त

जांजगीर-चांपा। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोखरा में उधारी पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 नवंबर 2026 को सूचक कमल सूर्यवंशी, निवासी सूर्या चौक खोखरा ने थाना सिटी कोतवाली जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे उसका भाई देवनारायण सूर्यवंशी, ग्राम खोखरा निवासी इतवारी सूर्यवंशी एवं उसके एक अन्य साथी के साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहा था। इसी दौरान उधारी पैसों के लेनदेन को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने देवनारायण के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडेन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को अवगत कराया। अधिकारियों ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी कर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निर्देशों के पालन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट तथा पुलिस डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही इतवारी सूर्यवंशी को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने उधारी पैसों के विवाद को लेकर मृतक के साथ मारपीट करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कंक्रीट का पत्थर भी जब्त किया है।

मामले में शामिल एक अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस की आम नागरिकों से अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद और पैसों के लेनदेन के मामलों में कानून को अपने हाथ में न लें। किसी भी प्रकार का विवाद होने पर स्वयं हिंसक कदम उठाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment