तीन दिन में 21 दोपहिया वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई, न्यायालय ने 5 चालकों पर लगाया 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड
महासमुंद। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पिछले तीन दिनों में शराब के नशे में दोपहिया वाहन चलाते पाए गए 21 चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस द्वारा महासमुंद शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगातार जांच अभियान चलाकर वाहन चालकों की जांच की जा रही है। इस दौरान शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान आज 5 वाहन चालकों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां माननीय न्यायालय ने सभी 5 चालकों पर प्रति चालक 10 हजार रुपये के हिसाब से कुल 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के प्रति किसी प्रकार की लापरवाही या रियायत नहीं बरती जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
महासमुंद पुलिस अधीक्षक की आम नागरिकों से अपील
महासमुंद पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं और नशे की हालत में किसी अन्य व्यक्ति को भी वाहन चलाने न दें। शराब के सेवन से चालक का संतुलन, निर्णय लेने की क्षमता और प्रतिक्रिया देने की गति प्रभावित होती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
पुलिस ने नागरिकों से स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की है।
याद रखें—कुछ मिनट का नशा, पूरी जिंदगी पर भारी पड़ सकता है। आपकी सावधानी किसी परिवार की खुशियां बचा सकती है।


