शासकीय प्राथमिक शाला कोसमी (छुरा) के विद्यार्थियों ने किया शैक्षिक भ्रमण,

BHUPENDRA SINHA

November 16, 2026

आदिवासी संग्रहालय में जानी जनजातीय संस्कृति, मैत्री बाग में वन्यजीवों का किया अवलोकन और ट्रेन यात्रा का लिया आनंद,

छुरा /गरियाबंद:- विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से दिनांक 15 नवम्बर 2026 (रविवार) “जनजातीय गौरव दिवस” के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला-कोसमी, विकासखंड छुरा, जिला गरियाबंद के विद्यार्थियों को शैक्षिक भ्रमण पर आदिवासी संग्रहालय, नया रायपुर (अटल नगर) एवं मैत्री बाग, भिलाई ले जाया गया।

भ्रमण के प्रथम चरण में विद्यार्थियों ने नया रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय का अवलोकन किया। इस दौरान बच्चों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपराओं, रहन-सहन, खान-पान, पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, लोककला, लोकनृत्य, रीति-रिवाजों एवं जनजातीय जीवनशैली से परिचित होने का अवसर मिला। संग्रहालय में प्रदर्शित पारंपरिक वस्तुओं एवं सांस्कृतिक धरोहरों के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रदेश की जनजातीय विरासत तथा प्रकृति के साथ आदिवासी समाज के गहरे संबंध को नजदीक से समझा। इस अवलोकन से बच्चों में अपनी स्थानीय संस्कृति, परंपरा एवं विरासत के प्रति सम्मान और गौरव की भावना विकसित हुई।

भ्रमण के दूसरे चरण में विद्यार्थियों ने भिलाई स्थित मैत्री बाग का भ्रमण किया। यहां बच्चों ने विभिन्न प्रजातियों के वन्यजीवों एवं पक्षियों को प्रत्यक्ष रूप से देखा तथा उनके रहन-सहन, भोजन, आवास और प्राकृतिक वातावरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता एवं पर्यावरण संतुलन के महत्व को समझा। मैत्री बाग में बच्चों ने ट्रेन की सवारी का भी भरपूर आनंद लिया। यह उनके लिए विशेष आकर्षण एवं रोमांच का विषय रहा। ट्रेन यात्रा के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली। इस प्रकार भ्रमण में शिक्षा के साथ मनोरंजन एवं नए अनुभवों का भी सुंदर समावेश रहा।

इस शैक्षिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय की कक्षा-कक्षीय शिक्षा से बाहर वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ना, उनकी अवलोकन क्षमता, तार्किक सोच, सामाजिक एवं सांस्कृतिक समझ तथा पर्यावरणीय चेतना का विकास करना था।

इस अवसर पर मुख्य रूप से शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्षा श्रीमती फरजाना बानो, शिक्षाविद्  यशवंतगिरी गोस्वामी, शाला प्रबंधन समिति की सदस्यगण श्रीमती उमेश्वरी सोनकर, श्रीमती मौसुमी भौमिक, श्रीमती दयमन्तीन नेताम, श्रीमती मानो बाई एवं श्रीमती लच्छन्तिन बाई की प्रमुख सहभागिता रही। साथ ही शिक्षक टन्केश्वर सिंह मरकाम एवं गीता प्रसाद साहू जी का विशेष सहयोग व मार्गदर्शन रहा तथा शैक्षिक भ्रमण में शामिल रहे।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक हेमलाल ध्रुव ने कहा कि शैक्षिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास का एक प्रभावी माध्यम है। ऐसे भ्रमण से बच्चे केवल पुस्तकों में पढ़ी गई बातों को याद ही नहीं करते, बल्कि उन्हें प्रत्यक्ष देखकर, समझकर और अनुभव करके अपने ज्ञान को स्थायी बनाते हैं। उन्होंने शाला प्रबंधन समिति, शिक्षाविद्, सदस्यों एवं सहयोगी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं आनंददायी शिक्षा प्रदान करना संभव है।

इस प्रकार शासकीय प्राथमिक शाला कोसमी का यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, संस्कृति, प्रकृति, रोमांच एवं मनोरंजन से भरपूर एक यादगार अनुभव सिद्ध हुआ।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment