कुम्हारी में टुण्डरी निवासी 35 वर्षीय पदुमलाल साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पत्नी ने जताई हत्या की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
गिधौरी। थाना गिधौरी अंतर्गत ग्राम कुम्हारी में धान मंडी के पास स्थित एक मकान में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रविवार सुबह युवक का शव खाट पर पड़ा मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम टुण्डरी, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ निवासी पदुमलाल साहू (35 वर्ष), पिता बुंदराम साहू के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पदुमलाल साहू सेंटरिंग और लेंटर सेटिंग का काम करता था। गांव में जगह की कमी होने के कारण उसने अपना सेंटरिंग का सामान ग्राम कुम्हारी स्थित धान मंडी के पास एक मकान में रखा था। बताया जा रहा है कि वह कुम्हारी निवासी महिला सजनी नवरत्न के साथ उस मकान में रहता था और काम के सिलसिले में वहां आना-जाना करता था। कई बार रात में भी वहीं रुक जाता था।
बताया गया कि शनिवार रात भी पदुमलाल रोजाना की तरह उसी मकान में रुका हुआ था। रविवार सुबह उसकी लाश खाट पर संदिग्ध अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही गिधौरी पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, मृतक की पत्नी दरसमति साहू को जानकारी मिलने पर वह भी कुम्हारी पहुंचीं और घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पति की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं
गिधौरी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


