चनाट धान खरीदी केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी का शुभारंभ, किसानों में खुशी की लहर

SARJU PRASAAD SAHU

November 15, 2026

जिला पंचायत सभापति सीमा लोकेश त्रिलोचन नायक एवं सहकारी समिति अध्यक्ष हेमचंद्र पटेल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया खरीदी कार्य का शुभारंभ

बसना। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही किसानों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत चनाट धान खरीदी केंद्र में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति सीमा लोकेश त्रिलोचन नायक एवं सहकारी समिति अध्यक्ष हेमचंद्र पटेल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी की शुरुआत की। इस दौरान किसानों की खुशहाली, अच्छी फसल और क्षेत्र की समृद्धि की कामना की गई।

धान खरीदी का शुभारंभ होते ही केंद्र में किसानों के बीच उत्साह का माहौल नजर आया। किसान पूरे वर्ष कड़ी मेहनत कर अपनी फसल तैयार करते हैं। ऐसे में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी उनके लिए आर्थिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण अवसर होता है। सरकार द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की व्यवस्था से किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर खरीदी केंद्रों में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, व्यवस्थित तौल, सुचारू टोकन व्यवस्था और पारदर्शी खरीदी प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

चनाट धान खरीदी केंद्र में खरीदी कार्य के शुभारंभ से क्षेत्र के किसानों में नई उम्मीद और उत्साह का संचार हुआ। किसानों ने आशा जताई कि इस वर्ष खरीदी प्रक्रिया व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से पूरी होगी तथा उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

किसानों की मेहनत को मिला सम्मान, धान खरीदी के शुभारंभ से चनाट क्षेत्र में खुशी की लहर।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment