मोक्ष कुमार प्रधान बोले – वोट जनता की सबसे बड़ी ताकत, हर पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी
बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांकरा के मंडल सांकरा द्वारा ग्राम छातामौहा में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मंडल स्तरीय जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता का मुद्दा उठाते हुए अपनी बात रखी। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रभारी फिरोज मेमन ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का वोट है। यदि मतदाता सूची से किसी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से हटाया जाता है, तो यह उसके लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ अन्याय है। कांग्रेस पार्टी प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री समीम भाई ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से मतदान करने का अधिकार सुनिश्चित करना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य एवं बसना विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश के सामने लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना की रक्षा करने की चुनौती है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और जनता की सबसे बड़ी ताकत उसका वोट है। मतदान का अधिकार किसी सरकार की कृपा नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रत्येक पात्र नागरिक को प्रदान किया गया लोकतांत्रिक अधिकार है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार देशभर में लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा का मुद्दा उठा रहे हैं। उनका संदेश है कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे, संविधान और चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता को सुरक्षित रखा जाना चाहिए।
उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुरक्षित रहे। गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला और बुजुर्ग सहित कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव या प्रशासनिक लापरवाही के कारण अपने मतदान के अधिकार से वंचित न हो।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव-गांव, गली-गली और घर-घर पहुंचकर मतदाता जागरूकता अभियान चलाने की अपील की। साथ ही मतदाता सूची का परीक्षण करने, पात्र नागरिकों के नाम जुड़वाने तथा गलत तरीके से नाम विलोपित होने की स्थिति में नियमानुसार दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करने में सहयोग करने का आह्वान किया।
जोशीले अंदाज में उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाली हर उस सोच और व्यवस्था के खिलाफ है, जो आम जनता के अधिकारों को प्रभावित करती है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संविधान और जनता के मताधिकार की सुरक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन संविधान और जनता के अधिकार हमेशा सर्वोपरि रहने चाहिए। इसलिए प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को अपने गांव और बूथ में लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में जिम्मेदारी निभानी होगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांकरा के अध्यक्ष मधुसुदन साहू, डॉ. हेमंत कौशिक (सचिव, जिला कांग्रेस कमेटी), रामकुमार पटेल, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष हितेश विशाल, सुनील भोई, प्रशांत पंडा, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान, सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष पीतांबर यादव, जयलाल बारिक, पुष्पराज नेताम, सतपथ सिदार सहित विभिन्न बूथों के अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेसजनों ने संकल्प लिया कि बसना विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और बूथ तक ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान पहुंचाया जाएगा। मतदाता जागरूकता के माध्यम से पात्र नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा के लिए संगठित प्रयास किए जाएंगे।
अंत में कांग्रेसजनों ने एक स्वर में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संदेश देते हुए कहा कि लोकतंत्र बचेगा तो संविधान बचेगा और संविधान सुरक्षित रहेगा तो जनता के अधिकार भी सुरक्षित रहेंगे।
कार्यक्रम में गूंजे नारे:
वोट हमारा अधिकार है, लोकतंत्र का यही आधार है! वोट बचाओ – देश बचाओ! संविधान बचाओ – लोकतंत्र बचाओ!


