मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन में अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान

*बलौदाबाजार। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर संचालित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत जिला मुख्यालय बलौदाबाजार स्थित विप्र वाटिका में कांग्रेस की विशाल कार्यकर्ता सभा एवं पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। साथ ही आगामी 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन में बलौदाबाजार जिले से अधिकाधिक संख्या में पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में एआईसीसी ऑब्जर्वर शरद अहेर, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव विजय जांगिड़, पूर्व मंत्री एवं कार्यक्रम प्रभारी मोहम्मद अकबर, विधायक संदीप साहू, विधायक इंद्र साव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे सहित पूर्व विधायक एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
कार्यकर्ता सभा से पहले आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। एआईसीसी ऑब्जर्वर शरद अहेर ने आरोप लगाया कि वर्तमान निर्वाचन आयोग अपनी संवैधानिक निष्पक्षता बनाए रखने में विफल हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना निर्वाचन आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है, लेकिन उसकी कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की कार्यशैली भाजपा के पक्ष में दिखाई दे रही है और उसके कुछ निर्णयों से आम जनता का आयोग के प्रति विश्वास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार नागरिकों का सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक अधिकार है और इसकी रक्षा के लिए कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी।
इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने का ऐलान
कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही। उन्होंने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा से जुड़ा अभियान बताते हुए कहा कि इस मुद्दे को लेकर देशभर में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
इसी क्रम में 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में प्रस्तावित विशाल आंदोलन में बलौदाबाजार जिले से अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। नेताओं ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभियान को गांव-गांव तथा बूथ स्तर तक पहुंचाने और आम नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह
विप्र वाटिका में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर व्यापक जनसंपर्क और जागरूकता गतिविधियां संचालित की जानी चाहिए।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शकुंतला साहू, पूर्व विधायक जनकराम वर्मा, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष परमेश्वर यदु, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश वर्मा, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यदु एवं हितेंद्र ठाकुर, किसान मोर्चा के सरजू प्रसाद घृतलहरे, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस अध्यक्ष रामचन्द्र पटेल, आदिवासी समाज अध्यक्ष विशाल ध्रुव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विक्रम पटेल तथा पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम गिरी उपस्थित रहे।जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से महामंत्री रामकुमार साहू, लखेश साहू, सुनील साहू एवं वैभव केशरवानी, सिद्धांत मिश्रा, आर्यन शुक्ला और उपाध्यक्ष सुरेंद्र यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों में बलौदाबाजार शहर के प्रवीण सेन, ग्रामीण के दीपक साहू, सुहेला के भानु वर्मा, पलारी के रवि बंजारे, लवन के गुरुदयाल यादव, कसडोल के दयाराम वर्मा तथा वनांचल सोनाखान के युधिष्ठिर नायक शामिल रहे।
इसके अलावा मंडल अध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। सम्मेलन के समापन पर नेताओं ने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए अभियान को निरंतर गति देने तथा दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की।


