विजयादशमी पर पुलिस लाइन गरियाबंद और छुरा थाना में हुआ पारंपरिक शस्त्र पूजन,

BHUPENDRA SINHA

October 20, 2026

एसपी वेदव्रत सिरमौर सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, जिले में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना,

छुरा/गरियाबंद:- विजयादशमी (दशहरा) के पावन अवसर पर जिले में धार्मिक आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। गरियाबंद स्थित रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) में पुलिस विभाग द्वारा विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया। वहीं छुरा थाना में भी थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल सहित थाना स्टाफ ने पारंपरिक रूप से शस्त्रों की पूजा-अर्चना की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिले में शांति, सुरक्षा, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

पुलिस लाइन गरियाबंद में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ पूजन,

गरियाबंद पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुलिस विभाग के आधुनिक एवं पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों तथा वाहनों का विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान तिलक लगाकर अक्षत और पुष्प अर्पित किए गए। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित इस पारंपरिक अनुष्ठान में पुलिस विभाग की परंपराओं और कर्तव्य के प्रति समर्पण की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कर्ण सिंह उके, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री लितेश सिंह, एसडीओपी सुश्री निशा सिन्हा एवं रक्षित निरीक्षक श्री सनत कुमार ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। पूजा संपन्न होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने एक-दूसरे को विजयादशमी पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

एसपी ने पुलिस परिवार और जिलेवासियों को दी शुभकामनाएं,

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर ने संपूर्ण पुलिस परिवार, उनके परिजनों तथा गरियाबंद जिले के सभी नागरिकों को विजयादशमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ईश्वर से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें सत्य, न्याय और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। पुलिस बल जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर नियंत्रण करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। इस दौरान पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी, अधीनस्थ कर्मचारी एवं पुलिस परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धा और उत्साह के साथ धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।

छुरा थाना में भी विधि-विधान से हुई शस्त्र पूजा,

विजयादशमी के अवसर पर छुरा थाना परिसर में भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार शस्त्र पूजन किया गया। थाना प्रभारी श्री ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल सहित थाना स्टाफ की मौजूदगी में पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने शस्त्रों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए अपने कर्तव्यों के निर्वहन, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के संकल्प को दोहराया।

दशहरा पर्व पर पुलिस लाइन गरियाबंद और छुरा थाना में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस विभाग ने अपनी परंपराओं का निर्वहन करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने की भावना को अभिव्यक्त किया। विजयादशमी का यह पर्व सभी के लिए नई ऊर्जा, सकारात्मकता और जनसेवा के प्रति समर्पण का संदेश लेकर आया।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment