सकरी। डी. ए. व्ही. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, सकरी में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आज प्रातःकालीन हवन-पूजन के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हवन के पश्चात माँ दुर्गा के छायाचित्र की पूजा-अर्चना से हुआ। विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने माँ दुर्गा से सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। कक्षा पहली एवं दूसरी के विद्यार्थियों के लिए ग्रीटिंग कार्ड निर्माण प्रतियोगिता, कक्षा तीसरी एवं चौथी के लिए तोरण निर्माण प्रतियोगिता, कक्षा छठवीं से आठवीं के लिए मटका श्रृंगार प्रतियोगिता तथा कक्षा नौवीं एवं ग्यारहवीं के विद्यार्थियों के लिए थाली सजावट प्रतियोगिता आयोजित की गई।
सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता एवं सृजनात्मक कौशल का सुंदर प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे ग्रीटिंग कार्ड, आकर्षक तोरण, सजे हुए मटके तथा सुंदर ढंग से सजाई गई थालियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण गरबा नृत्य रहा। विद्यार्थियों ने पारंपरिक गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से नवरात्रि के उत्सव को जीवंत बना दिया। गरबा की लय और ताल से विद्यालय परिसर भक्तिमय एवं आनंदमय वातावरण से भर उठा।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं लोकनृत्य के महत्त्व से परिचित कराया गया। साथ ही उनमें रचनात्मकता, सहयोग, सांस्कृतिक जागरूकता और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम ने विद्यालय में नवरात्रि के उत्साह और भक्ति का सुंदर वातावरण निर्मित किया।