खेमड़ा गांव में लूट के बाद ग्रामीणों ने पीछा कर घोघरी में पकड़ा, सोने का मंगलसूत्र और मोटरसाइकिल जब्त
सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के खेमड़ा गांव में बुजुर्ग महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र लूटने के मामले में डभरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित करीब 70 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
डभरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खेमड़ा निवासी बद्दूलाल, उम्र 65 वर्ष, ने 10 अक्टूबर 2026 को थाना डभरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के बीच उनकी वृद्ध पत्नी शौच के लिए गई थीं। इसी दौरान ग्राम में ननमोहन साहू के घर के सामने एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोककर तालाब जाने का रास्ता पूछा। बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र लूट लिया। मंगलसूत्र का धागा टूटते ही आरोपी उसे लेकर गेवराघाट की ओर भागने लगा।
महिला की चीख-पुकार सुनकर उनके नाती कमलेश, योगेश, उमेश एवं श्यामलाल सहित ग्रामीणों ने आरोपी का पीछा किया और ग्राम घोघरी में उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पारस कुमार चंद्रा, पिता ब्रिजमोहन चंद्रा, निवासी वार्ड नंबर 12, जुनाडीह विजय नगर, गेवरा प्रोजेक्ट, थाना दीपका, जिला कोरबा बताया।
सूचना मिलने पर डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए लूटा गया मंगलसूत्र अपने बैग/जेब में रखना बताया। आरोपी की निशानदेही पर गवाहों के समक्ष लगभग 5.31 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, तथा लगभग 20 हजार रुपये कीमत की पुरानी काली बजाज मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त मशरूके की कुल कीमत 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 407/2026, धारा 309(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। उसे 10 अक्टूबर 2026 को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी न्यायालय, डभरा के समक्ष पेश किया गया, जहां से 23 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे जाने की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चंद्रपुर/डभरा सुमित गुप्ता के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश कुमार पटेल, उप निरीक्षक कमल मैरिसा, सहायक उप निरीक्षक हरनारायण ताम्रकार, प्रधान आरक्षक रमेश कुमार चंद्रा तथा आरक्षक कुंज बिहारी चंद्रा, राम गोपाल यादव, राजेश धीरहे, धनेश्वर दिवाकर एवं लक्ष्मीकांत उरांव का विशेष योगदान रहा।