सेवा सेतु शिविर में शिवसेना ने उठाई ग्रामीण क्षेत्र समस्याएं, कलेक्टर के समक्ष रखी मूलभूत सुविधाओं की मांग,

BHUPENDRA SINHA

October 6, 2026

छुरा/गरियाबंद :- जिला प्रशासन गरियाबंद द्वारा छुरा विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम दुल्ला में ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए विशेष सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा।

शिवसेना के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों से चर्चा की और उनकी लंबे समय से लंबित समस्याओं की जानकारी लेकर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से ग्राम परशापानी, ग्राम पंचायत केवटीझर में सीसी सड़क, पानी टंकी एवं सामुदायिक भवन (रंगमंच) निर्माण की मांग रखी।

शिवसेना पदाधिकारियों का कहना है कि ग्रामीण इन सुविधाओं की मांग लंबे समय से शासन-प्रशासन से करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक धरातल पर अपेक्षित कार्य नहीं हो सका है। इसके चलते ग्रामीणों को आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शिवसेना प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की जर्जर अंदरूनी सड़कें, पेयजल की समस्या, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और बिजली की अनियमित आपूर्ति का मुद्दा भी उठाया। इसके अलावा कृषि, शिक्षा और विभिन्न शासकीय योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन में आ रही दिक्कतों से भी प्रशासन को अवगत कराया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सेवा सेतु शिविर ‘सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा को धरातल पर पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रशासन ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझ सकता है। संगठन ने कहा कि क्षेत्र की प्रमुख मांगों को कलेक्टर के समक्ष रखने का उद्देश्य वनांचल क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दिलाना और ग्रामीणों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है।

इस दौरान शिवसेना के मितेश शर्मा, सेवकराम चक्रधारी, महेश्वर कंवर, लक्ष्मण शर्मा, ओकेश ठाकुर, योगेंद्र ठाकुर, ईश्वर सोनी, राजेश ठाकुर, श्यामलाल ठाकुर, भानु साहू, ऐसराम सोनी, राजेंद्र ध्रुव, जयप्रकाश दिवान, धनेश्वर यादव, लोचन ठाकुर, विजय दिवान, करण कंवर सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment