सोनाखान।
शहीद वीर नारायण सिंह की वीरभूमि और परम पूज्य बाबा घासीदास की जन्मभूमि को जोड़ने वाला राजा देवरी-सोनाखान मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह खराब पुल-पुलिया और क्षतिग्रस्त मार्ग के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इसे जानलेवा बताते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने कहा कि एक ओर छत्तीसगढ़ सरकार आदिवासी हितैषी होने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर आदिवासी जननायक शहीद वीर नारायण सिंह की वीरभूमि तक पहुंचने वाला महत्वपूर्ण मार्ग बदहाल है। उन्होंने शासन-प्रशासन के विभागीय अधिकारियों से जर्जर पुल-पुलियों की तत्काल मरम्मत कराने के साथ ही सड़क का नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की है।
युधिष्ठिर नायक ने कहा कि यदि सड़क मार्ग की जल्द मरम्मत नहीं की गई तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान द्वारा सड़क की बदहाली के खिलाफ बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने शासन-प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।