देवभोग। डूंमरबाहाल से केनदुबन्द को जोड़ने वाली सड़क की हालत पहली ही बारिश में खराब हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ महीने पहले सड़क पर मुरम डालकर मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन गुणवत्तापूर्ण काम नहीं होने के कारण बारिश के बाद सड़क जगह-जगह धंस गई और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क मरम्मत के दौरान मुरम डालकर खानापूर्ति की गई। बारिश होते ही सड़क की मिट्टी बह गई और कई हिस्सों में कीचड़ व दलदल जैसी स्थिति बन गई। दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं, वहीं मरीजों और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी इस मार्ग से आने-जाने में परेशानी हो रही है।
मरम्मत कार्य की जांच की मांग
सड़क की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत में अनियमितता की आशंका जताते हुए संबंधित कार्य की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्ता का ध्यान रखा गया होता तो पहली बारिश में ही सड़क की ऐसी स्थिति नहीं बनती।
क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से डूंमरबाहाल-केनदुबन्द सड़क के मरम्मत कार्य की जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने और सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने स्थायी समाधान के लिए इस मार्ग पर पक्की सड़क निर्माण की भी मांग रखी है। अब देखना होगा कि शिकायत और समाचार प्रकाशन के बाद जिम्मेदार अधिकारी सड़क की स्थिति सुधारने के लिए कब तक कदम उठाते हैं।