व्याख्याता भर्ती में विज्ञान और वाणिज्य संकाय की उपेक्षा पर आक्रोश, प्रशांत पण्डा ने उठाए सवाल

BIRENDRA KUMAR SEN

September 22, 2026

व्याख्याता भर्ती में विज्ञान और वाणिज्य संकाय की उपेक्षा पर आक्रोश, प्रशांत पण्डा ने उठाए सवाल

महासमुन्द। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 21 सितम्बर 2026 को जारी 854 व्याख्याता पदों के विज्ञापन को लेकर युवाओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। युवा कांग्रेस महासमुन्द के जिला महामंत्री प्रत्याशी प्रशांत पण्डा ने इस विज्ञप्ति पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे विज्ञान और वाणिज्य संकाय के हजारों अभ्यर्थियों की उम्मीदों पर कुठाराघात करार दिया है।

प्रशांत पण्डा ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा 5000 शिक्षकीय पदों की घोषणा के बाद प्रदेशभर के युवाओं में उत्साह था। लंबे समय से जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान और वाणिज्य संकाय के अभ्यर्थी इस भर्ती का इंतजार कर रहे थे। हालांकि, जारी किए गए विज्ञापन में हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, भौतिकी, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र जैसे विषयों को तो शामिल किया गया है, लेकिन जीव विज्ञान, रसायन शास्त्र एवं वाणिज्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों के लिए एक भी पद प्रदर्शित नहीं किया गया है।

अभ्यर्थियों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा विपरीत आर्थिक परिस्थितियों से जूझते हुए वर्षों से शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हैं। इस विज्ञापन ने उनकी मेहनत पर पानी फेरने का काम किया है।

प्रशांत पण्डा ने सवाल उठाया, “जब विद्यालयों में जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान और वाणिज्य विषय विधिवत पढ़ाए जा रहे हैं, तब इन विषयों के व्याख्याता पदों को नजरअंदाज करना समझ से परे है। यह सिर्फ पदों का नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और अधिकारों का सवाल है।”

उन्होंने राज्य सरकार और स्कूल शिक्षा विभाग से मांग की है कि भर्ती विज्ञापन की तत्काल समीक्षा की जाए और छूटे हुए सभी विषयों के लिए पर्याप्त पदों को शामिल कर संशोधित विज्ञप्ति जारी की जाए। पण्डा ने चेतावनी दी कि यदि शासन ने युवाओं की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया, तो प्रभावित अभ्यर्थियों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment