बिलासपुर: 12 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, चकरभाठा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र से 12 वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजनों ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 12 वर्ष 4 माह की नाबालिग बच्ची को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर पतासाजी के लिए विशेष टीम गठित की।
मुखबिर की सटीक सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी के कब्जे से नाबालिग को बरामद किया। पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान राकेश जांगड़े (22 वर्ष), निवासी डीगोरा चरोटी, थाना पथरिया, जिला मुंगेली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64(2)(M) तथा पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।