महासमुंद में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़: ओडिशा के 3 युवक गिरफ्तार, 17.81 लाख का माल जब्त

BIRENDRA KUMAR SEN

September 18, 2026

महासमुंद में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़: ओडिशा के 3 युवक गिरफ्तार, 17.81 लाख का माल जब्त

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिंघोड़ा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने ओडिशा से पैदल गांजा लेकर छत्तीसगढ़ आ रहे तीन अंतरराज्यीय तस्करों को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपियों के पास से 35.190 किलोग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिसकी कुल कीमत 17 लाख 81 हजार रुपये आंकी गई है।

 

एनएच-53 स्थित अंतरराज्यीय चेक पोस्ट रेहटीखोल में पुलिस लगातार वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि तीन संदिग्ध युवक पिट्ठू बैग और हाथ में थैले लेकर ओडिशा से पैदल छत्तीसगढ़ सीमा में प्रवेश कर रहे हैं। अलर्ट हुई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों युवकों को रोक लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान विजय मलिक (26 वर्ष, निवासी कटक), नासिर अली (20 वर्ष, निवासी क्योंझर) और सागर उर्फ आकाश बेहरा (20 वर्ष, निवासी कटक, ओडिशा) के रूप में बताई। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने बैग में गांजा होना स्वीकार किया।

 

तलाशी के दौरान आरोपियों के चार बैगों से कुल 35.190 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसका बाजार मूल्य लगभग 17,56,000 रुपये है। साथ ही 25,000 रुपये कीमत के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। आरोपियों ने बताया कि वे इस खेप को ओडिशा के फुलबानी (जिला कंधमाल) से लेकर आ रहे थे और इसे रायपुर में बेचने की योजना थी।

सिंघोड़ा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(B)ii(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment