बाइक से कूदकर भागा गांजा तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से दुर्ग ले जा रहे थे खेप

BIRENDRA KUMAR SEN

September 14, 2026

 बाइक से कूदकर भागा गांजा तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से दुर्ग ले जा रहे थे खेप

महासमुंद। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस चेकिंग को देखकर चलती बाइक से कूदकर फरार हुए दूसरे गांजा तस्कर को पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा है। मामले में पहले ही एक आरोपी को गांजे और बाइक सहित पकड़ा जा चुका था।

एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देशानुसार जिले के सीमावर्ती इलाकों में लगातार सघन वाहन जांच की जा रही है। इसी कड़ी में 11 सितंबर को ग्राम टेमरी नाका के पास कोमाखान पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक बिना नंबर की पल्सर बाइक पर दो युवक आते दिखे। पुलिस को सामने देख पीछे बैठा युवक चलती बाइक से कूदकर जंगल की तरफ भाग निकला, जबकि बाइक चला रहे युवक को पुलिस बल ने दौड़ाकर पकड़ लिया था।

तलाशी लेने पर पकड़े गए आरोपी रामचरण उर्फ यश ठाकुर (24 वर्ष, निवासी पीसेगांव, पुलगांव, दुर्ग) के पास रखे थैले से 5.440 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ था। पुलिस ने गांजा, बाइक और मोबाइल सहित कुल 3 लाख 65 हजार रुपये का मशरूका जब्त कर आरोपी को धारा 20(B)(II)(B), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत रिमांड पर जेल भेज दिया था।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया फरार आरोपी फरार आरोपी की लगातार तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विक्रांत चंद्राकर उर्फ विक्की (25 वर्ष, निवासी कोनारी, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग) बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह 11 सितंबर को पुलिस को देखकर चलती बाइक से कूदकर भाग गया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ओडिशा के कांटाबांजी से गांजा खरीदकर दुर्ग में खपाने की योजना की बात कबूल की है।

पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।

जप्त सामग्री व विवरण:

  • अवैध गांजा: 5.440 किलो (कीमत ₹2,72,000)
  • वाहन: पल्सर बाइक बिना नंबर (कीमत ₹90,000)
  • अन्य: 1 मोबाइल फोन (कीमत ₹3,000)
  • कुल जप्त संपत्ति: ₹3,65,000

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment