खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी NOC मामले में महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी के घर से 81 लाख रुपये नकद बरामद

SARJU SAHU

September 9, 2026

23,350 किलो खैर लकड़ी के अवैध परिवहन में कूटरचित NOC के इस्तेमाल का मामला, सरसींवा मुड़पार स्थित मकान में तलाशी के दौरान 500 रुपये के 16,200 नोट मिले

महासमुंद/सरसींवा। खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी NOC के जरिए धोखाधड़ी के मामले में महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष अग्रवाल के ग्राम मुड़पार, थाना सरसींवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ स्थित मकान से 81 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर 7 सितंबर 2026 को मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 500-500 रुपये के नोटों की 162 गड्डियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 16,200 नोट पाए गए।

पूरा मामला

जिला पुलिस महासमुंद के अनुसार, वन परिक्षेत्र अधिकारी पिथौरा के आवेदन पर 23,350 किलोग्राम खैर लकड़ी के अवैध परिवहन के लिए इस्तेमाल की गई NTPS NOC में कूटरचना कर उसे असल दस्तावेज के रूप में उपयोग करने और धोखाधड़ी करने के मामले में थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 172/2026 दर्ज किया गया है।

प्रकरण में पुलिस ने धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2), 3(5), 111 बीएनएस, 25 आर्म्स एक्ट तथा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 42(1), सहपठित धारा 41(2)(ख)(घ) और धारा 52(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की है।

सर्च वारंट के आधार पर हुई तलाशी

विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी मनीष अग्रवाल के ग्राम मुड़पार स्थित मकान की तलाशी के लिए महासमुंद पुलिस ने माननीय न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त किया। इसके बाद 7 सितंबर 2026 को आरोपी के मकान की विधिवत तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान मकान के केयरटेकर और गवाहों की मौजूदगी में एक थैले से 500 रुपये के नोटों की 162 गड्डियां बरामद हुईं। प्रत्येक गड्डी में 100 नोट होने के अनुसार कुल 16,200 नोट, जिसकी कुल कीमत 81,00,000 रुपये है, पुलिस ने मौके पर विधिवत जब्त कर ली।

अपराध से अर्जित संपत्ति होने के संदेह में कुर्की की कार्रवाई

महासमुंद पुलिस द्वारा जब्त 81 लाख रुपये की नकदी को अपराध से अर्जित संपत्ति के रूप में चिन्हित करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत न्यायालय के समक्ष विधिवत कुर्की की कार्रवाई के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य आरोपी को कथित अपराध से अर्जित आर्थिक लाभ से वंचित करना और मामले में वैधानिक कार्रवाई को आगे बढ़ाना है।

जांच जारी

महासमुंद पुलिस ने कहा है कि अवैध वनोपज परिवहन, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल, धोखाधड़ी और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी NOC से जुड़े इस मामले में पुलिस द्वारा बरामद नकदी के स्रोत तथा प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। मामले में विवेचना जारी है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment