शिक्षक दिवस समारोह में विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की नृत्य एवं विविध गतिविधियां
उड़ाकान। शासकीय हाई स्कूल उड़ाकान में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों की शानदार प्रस्तुति दी गई। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के लिए भी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर उन्हें समारोह में सहभागी बनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाला के प्राचार्य श्री लोचन भास्कर एवं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती कला बाई बंजारे द्वारा सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन, समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले एवं प्रथम शिक्षिका सावित्रीबाई फुले के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रीफल अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सभी शिक्षकों को सम्मान स्वरूप पेन एवं श्रीफल भेंट किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं सम्मान कार्यक्रम से विद्यालय का वातावरण उत्साह और भावनाओं से भर गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री लोचन भास्कर, व्याख्याता श्री रमेश भारती, व्याख्याता श्री ललित नेताम एवं व्याख्याता श्री उमेश भारद्वाज सहित विद्यालय के स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह ने गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान और विद्यार्थियों में शिक्षकों के प्रति प्रेम एवं आदर की भावना को और मजबूत किया।