
दो महीने बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर जताई नाराजगी, एसपी को सौंपा ज्ञापन; डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच की मांग
जांजगीर-चांपा। अमित कुमार भंडारी उर्फ अमित सतनामी हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बसपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष इंजीनियर अजय बंजारे के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जांजगीर के कलेक्ट्रेट चौक से नारेबाजी करते हुए रैली निकाली और पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है।
बसपा ने पुलिस प्रशासन को तीन दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में मामले में ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
मामला थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोसा से जुड़ा है। बसपा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार अमित कुमार भंडारी उर्फ अमित सतनामी की 27 जून 2026 की रात हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 29 जून को अमहां तालाब के पास उनका शव बरामद किया गया था।
घटना को दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बसपा ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले में तेजी लाने की मांग की है।
बसपा ने पुलिस से हत्याकांड की जांच में तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों को भी गंभीरता से शामिल करने की मांग की है। पार्टी ने घटना के समय संदिग्ध व्यक्तियों की मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने की मांग रखी है।
इसके साथ ही मृतक के मोबाइल की अंतिम लोकेशन, कॉल हिस्ट्री तथा घटना स्थल और शव बरामद होने वाले स्थान से जुड़े फॉरेंसिक साक्ष्यों की गहन जांच करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बसपा ने मृतक के परिवार द्वारा बताए गए संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों तक पहुंचना जरूरी है।
बसपा ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के स्तर पर मामले की समीक्षा करने तथा पीड़ित परिवार को जांच में हुई प्रगति की जानकारी नियमित रूप से देने की मांग भी की है।
बसपा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर अमित सतनामी हत्याकांड में प्रभावी कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो पार्टी आंदोलन करेगी। ज्ञापन की प्रतियां बिलासपुर रेंज के आईजी, रायपुर स्थित डीजीपी कार्यालय और छत्तीसगढ़ शासन के गृहमंत्री को भी भेजी गई हैं।
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान बसपा के प्रदेश महासचिव डॉ. रोहित डहरिया, जिला अध्यक्ष इंजीनियर अजय बंजारे, जिला उपाध्यक्ष नरोत्तम, कोषाध्यक्ष चंद्रकांत डहरिया, सचिव भोगीलाल पाटले, BVF संयोजक बंशी आजाद, पामगढ़ विधानसभा अध्यक्ष दरस सांडे, अकलतरा विधानसभा अध्यक्ष जगमोहन पाटले, जांजगीर विधानसभा अध्यक्ष मोहन सिंह और पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखन लाल साहू सहित बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
बसपा ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई की मांग की है।